जनपद पौड़ी के दो वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने सेवानिवृत्ति के बाद थामा भाजपा का दामन
पौड़ी /देहरादून 20 सितंबर 2026
श्रीनगर विधानसभा के पाबौ मंडल में भाजपा को उस समय महत्वपूर्ण मजबूती मिली, जब जनपद पौड़ी गढ़वाल में लंबे समय तक प्रशासनिक एवं विकास क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे चुके दो वरिष्ठ सेवानिवृत्त अधिकारियों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। शासकीय आवास यमुना कॉलोनी में पाबौ ब्लॉक के पोखरी गांव निवासी भगवती प्रसाद पोखरियाल एवं ग्राम छानी निवासी दिनेश सिंह रावत जी ने भाजपा के साथ जुड़ने का निर्णय लिया।
श्री भगवती प्रसाद पोखरियाल पर्यटन विभाग, जनपद पौड़ी गढ़वाल में वरिष्ठ मुख्य प्रशासनिक अधिकारी के पद पर सेवाएं दे चुके हैं, जबकि दिनेश सिंह रावत सहायक विकास अधिकारी, पंचायती राज के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। प्रशासनिक क्षेत्र में दोनों अधिकारियों के लंबे अनुभव और सेवाकाल को देखते हुए उनका भाजपा से जुड़ना पाबौ क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम माना जा रहा है।
दोनों वरिष्ठ अधिकारियों की पहचान मृदुभाषी व्यवहार, कर्तव्यनिष्ठा, प्रशासनिक दक्षता और सहज कार्यशैली के लिए रही है। भाजपा की सदस्यता ग्रहण करते हुए उन्होंने श्रीनगर विधानसभा में चल रहे विकास कार्यों और दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंच रही विकास योजनाओं के प्रति अपना विश्वास व्यक्त किया।
भगवती प्रसाद पोखरियाल ने कहा कि कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत जी द्वारा श्रीनगर विधानसभा के दूरस्थ गांवों तक विकास योजनाओं को पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास की इस गति से प्रभावित होकर आज भाजपा की सदस्यता ग्रहण करना उनके लिए प्रसन्नता और गर्व का विषय है।
वहीं दिनेश सिंह रावत जी ने कहा कि क्षेत्र में युवाओं के लिए खेल सुविधाओं का विस्तार, स्टेडियम निर्माण तथा धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों के विकास की दिशा में किए जा रहे कार्य उल्लेखनीय हैं। उन्होंने कहा कि विकास और आध्यात्मिक चेतना का यह समन्वय क्षेत्र के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने कहा कि अपने अनुभव और सामर्थ्य के अनुरूप वे भविष्य में भी जनसेवा एवं विकास के कार्यों में अपना योगदान देने का प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि पाबौ मंडल गुलाब सिंह बिष्ट एवं मंडल उपाध्यक्ष गंगा सिंह बिष्ट सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
