उत्तराखंडदेहरादून

मणीमाई मंदिर के पास दर्दनाक हादसा: पिकअप में घुसी इको, 2 की मौके पर मौत, 3 घायल

 

देहरादून, 19 अगस्त 2026 देहरादून के प्रसिद्ध मणीमाई मंदिर के निकट मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

कैसे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक आगे जा रही पिकअप वाहन का अचानक पिछला पहिया निकल गया। इससे अनियंत्रित होकर पिकअप वाहन डिवाइडर पर चढ़ गया। तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही इको कार सीधे पिकअप में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इको के परखच्चे उड़ गए।

2 की मौत, 3 घायल
हादसे में इको वाहन में आगे बैठे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान की जा रही है। इको में सवार अन्य तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें पुलिस ने 108 की मदद से दून अस्पताल भेजा। दो की हालत नाजुक बताई जा रही है।

टोल पर लगा भीषण जाम
हादसे के बाद हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर टोल के निकट भीषण जाम लग गया। करीब 1 घंटे तक यातायात बाधित रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहनों को हटवाकर जाम खुलवाया।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पिकअप चालक मौके से फरार है। पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *