उत्तराखंडदेहरादून

देहरादून विमानपत्तन पर आंशिक आपातकालीन अभ्यास (Partial Emergency Exercise) का सफल आयोजन

देहरादून

भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, देहरादून विमानपत्तन द्वारा दिनांक 03 जुलाई, 2026 को विमानपत्तन आपातकालीन योजना (Airport Emergency Plan) के अंतर्गत एक आंशिक आपातकालीन अभ्यास (Partial Emergency Exercise) का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। अभ्यास का उद्देश्य विमान दुर्घटना अथवा अन्य विमानन आपातकालीन परिस्थितियों में विभिन्न एजेंसियों के मध्य समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया, संसाधनों की उपलब्धता तथा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रियाओं (SOPs) की प्रभावशीलता का परीक्षण एवं मूल्यांकन करना था।
अभ्यास के दौरान एक काल्पनिक विमान दुर्घटना की स्थिति का सृजन किया गया, जिसके अनुरूप सभी सहभागी एजेंसियों ने निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुसार समन्वित एवं त्वरित कार्रवाई करते हुए अपनी-अपनी भूमिकाओं एवं उत्तरदायित्वों का प्रभावी निर्वहन किया। अभ्यास में संचार व्यवस्था, आपातकालीन सूचना प्रसारण, घटनास्थल प्रबंधन, अग्निशमन, खोज एवं बचाव, घायलों की निकासी, चिकित्सीय सहायता तथा विभिन्न आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रक्रियाओं का सफलतापूर्वक परीक्षण किया गया।
इस अभ्यास में भा.वि.प्रा. एयरपोर्ट रेस्क्यू एंड फायर फाइटिंग (ARFF) टीम, राज्य अग्निशमन सेवा, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF), स्थानीय पुलिस, सीआईएसएफ, चिकित्सा दल तथा अन्य संबंधित हितधारकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया और उत्कृष्ट समन्वय एवं तत्परता का प्रदर्शन किया।
विमानपत्तन निदेशक श्री बी. सी. एच. नेगी ने अभ्यास की संपूर्ण प्रक्रिया का निरीक्षण एवं पर्यवेक्षण किया। उन्होंने सभी सहभागी एजेंसियों की तत्परता, समन्वय एवं व्यावसायिक दक्षता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभ्यास वास्तविक आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने हेतु अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि अभ्यास के दौरान चिन्हित किसी भी कमी अथवा सुधार की आवश्यकता वाले बिंदुओं का विस्तृत विश्लेषण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, जिससे भविष्य में आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाया जा सके।
अभ्यास का सफल आयोजन देहरादून विमानपत्तन की उच्च स्तरीय आपातकालीन तैयारी तथा विभिन्न एजेंसियों के बीच प्रभावी समन्वय का परिचायक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *