पीएम मोदी का 29 मिनट का भाषण, लोकल कनेक्ट पर जोर, नंदादेवी, कुंभ का भी जिक्र
देहरादून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड का यह दौरा बेहद खास रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तराखंड- उत्तर प्रदेश बॉर्डर पर मौजूद मां डाट काली मंदिर में पूजा अर्चना करने के बाद 12 किलोमीटर तक रोड शो कर जसवंत सिंह आर्मी ग्राउंड पहुंचे. पीएम मोदी दोपहर 01.42 बजे, जनसभा ग्राउंड के मंच पर पहुंचे. जहां, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने ब्रह्मकमल और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नंदा देवी राज यात्रा की स्मृति चिन्ह सौंपकर उनका स्वागत किया. इसके बद केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाषण दिया.
पीएम मोदी ने 28 मिनट दिया भाषण: इसके बाद, दोपहर 02.13 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन शुरू हुआ. पीएम मोदी का संबोधन 02.42 बजे तक चला. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने इस 29 मिनट के संबोधन के दौरान पूरे उत्तराखंड का जिक्र किया. संबोधन की शुरुआत में ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता से माफी मांगी कि वो करीब 1 घंटे से अधिक देरी से जनसभा ग्राउंड पहुंचे हैं. पीएम मोदी के सिर पर ब्रह्मकमल टोपी, भाषण में गढ़वाली-कुमाऊंनी के छोटे-छोटे वाक्य और भावनाओं में उत्तराखंड की बेहतर झलक दिखाई दी. अपने भाषण में प्रधानमंत्री मोदी ने लोकल कनेक्ट करते भी दिखाई दिये.

गढ़वाली कुमाऊंनी में बोलते दिखे पीएम मोदी: जिसमें वेशभूषा, भाषा शैली के साथ ही स्थानीय जगहों के नाम का उल्लेख हो, इसका प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में खास ख्याल रखा है. ये ही वजह है कि उनके भाषण की शुरुआत में इस बार भी भुला-भुलियों, सयाणा, आमा, बाबा जैसे पहाड़ी बोली-भाषा के शब्दों का जिक्र किया. एक्सप्रेस वे के निर्माण में मां डाटकाली के आशीर्वाद का प्रधानमंत्री ने खास तौर पर जिक्र किया। ये भी जोड़ा कि देहरादून पर मां डाटकाली की कृपा है.
सड़कें राष्ट्र की भाग्य रेखाएं: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में जिक्र किया कि हस्तरेखा के जरिए लोग अपना भविष्य जानना चाहते हैं, लेकिन सड़क मार्ग, रेल मार्ग, एयर कनेक्टिविटी और जल मार्ग से जोड़ना, देश में रेखाएं बन रही हैं.जिससे भारत देश का भाग्य पूरी दुनिया में उज्जवल होता जा रहा है.
केंद्रीय सड़क परिवहन राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा देवभूमि उत्तराखंड राज्य के लिए एक सुनहरा अवसर है, जब देश की राजधानी को प्रदेश की राजधानी से जोड़ने का अवसर मिला है. ऐसे में वाइल्डलाइफ को सेफ करते हुए उत्तराखंड की जनता को दिल्ली- देहरादून एलिवेटेड एक्सप्रेसवे की सौगात मिली है. उत्तराखंड राज्य में करीब सवा दो लाख करोड़ अन्य प्रोजेक्ट्स भी संचालित हो रहे हैं. जिसमें ऋषिकेश बाईपास, नैनीताल-अल्मोड़ा-काठगोदाम को दो लेन करना, अल्मोड़ा से बागेश्वर समेत अन्य योजनाएं शामिल है.
उन्होंने कहा देवभूमि का एक नया इतिहास बनेगा जिसमें एक जिले से दूसरे जिले की दूरियां कम होगी, बॉर्डर क्षेत्रों में जाने के लिए दूरियां कम होगी. भविष्य में एक अच्छी और बेहतर सड़के राज्य को मिलने वाली हैं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे पर उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, सौरभ बहुगुणा, भरत सिंह चौधरी, राम सिंह कैड़ा और प्रदीप बत्रा ने कहा पीएम ने उत्तराखंड वासियों को एक बड़ी सौगात दी है. इसे प्रदेश में पर्यटन बढ़ाने के साथ ही स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे. देहरादून से दिल्ली जाने वाले लोग अब महज ढाई घंटे में दिल्ली पहुंच जाएंगे.
