भाजपा मुख्यालय में हर्षोल्लास से मनाया गया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन
देहरादून 17 सितम्बर। भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन कार्यकर्ताओं द्वारा अत्यंत हर्षोल्लास, उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर प्रधानमंत्री के दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार न कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के सक्षम और सशक्त नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर एक नई पहचान बनाई है। उत्तराखंड के विकास के लिए केंद्र सरकार द्वारा दी जा रही निरंतर प्राथमिकताओं का उल्लेख करते हुए नेताओं ने कहा कि ‘डबल इंजन’ की सरकार राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जा रही है।
प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को भाजपा कार्यकर्ताओं ने न केवल उत्सव के रूप में मनाया, बल्कि सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए ‘सेवा पखवाड़ा’ के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का शुभारंभ भी आज हो गया है। कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, राष्ट्र निर्माण के प्रति उनके समर्पण और जन-कल्याणकारी नीतियों की जमकर सराहना की। उपस्थित सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के सपने को साकार करने के लिए जन-जन तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य करेंगे।
इसी क्रम में आज पार्टी पदाधिकारियों द्वारा धार्मिक अनुष्ठान और हवन कर प्रधानमंत्री की लंबी आयु की प्रार्थना की गई। साथ ही अनेक स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने अस्पताल एवं आसपास के क्षेत्रों में मरीजों व जरूरतमंदों को फल और मिठाइयां बांटीं। सेवा पखवाड़े के अंतर्गत कार्यकर्ताओं द्वारा विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत, तरुण बंसल, सरकार में दायित्वधारी ज्योति प्रसाद गैरोला, प्रदेश कार्यालय सचिव जगमोहन रावत समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
