टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस: कोटा में तीन आरोपी गिरफ्तार, नेपाल भागने की फिराक में थे बदमाश
कोटा/मुंबई: अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़े फायरिंग मामले में कोटा पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ा है। पकड़े गए आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी ट्रेन से जयपुर पहुंचे और वहां से बस के जरिए दिल्ली जाकर नेपाल भागने की योजना बना रहे थे। फिलहाल मुंबई पुलिस आरोपियों को अपने साथ ले गई है और मामले की आगे की जांच कर रही है।
ट्रेन में तलाश के बाद पकड़े गए आरोपी
कोटा शहर की पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने बताया कि मुंबई पुलिस के डीसीपी क्राइम से सूचना मिलने के बाद कोटा पुलिस को अलर्ट किया गया था। आरोपियों के ट्रेन में सफर करने की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई की। पुलिस ने करीब 15 मिनट में ट्रेन की तलाशी लेकर उसे घेर लिया और आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की।
जयपुर से दिल्ली और फिर नेपाल भागने की थी योजना
पुलिस के अनुसार, आरोपी वारदात के बाद मुंबई से निकल गए थे। उनकी योजना जयपुर में ट्रेन से उतरने, वहां से बस के जरिए दिल्ली पहुंचने और फिर नेपाल की ओर भागने की थी। हालांकि, पुलिस की सतर्कता के चलते उनकी योजना सफल नहीं हो सकी।
आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी आया सामने
पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपियों में से दो के खिलाफ पहले से बाइक चोरी और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले दर्ज हैं। पूछताछ में यह भी सामने आया कि फायरिंग की जिम्मेदारी लेने वाला अनिल पंडित, रेहान के संपर्क में था। रेहान ने सोनीपत के एक नाबालिग को अपने साथ शामिल किया था। इसके अलावा मुंबई निवासी ऋतिक को भी हिरासत में लिया गया है।
मुंबई पुलिस कर रही मामले की जांच
तीनों आरोपियों को महाराष्ट्र पुलिस ने अदालत में पेश किया। इसके बाद मेडिकल जांच कराकर उन्हें मुंबई ले जाया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की विस्तृत जांच मुंबई पुलिस करेगी। फायरिंग की घटना में आरोपियों की भूमिका और अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

