उत्तराखंडऋषिकेश

एम्स ऋषिकेश के समीप बैराज स्थित ओम घाट पर डूबे किशोर की तलाश में एसडीआरएफ का सर्च अभियान जारी

 

आज दिनांक 13 जुलाई 2026 को सायंकाल लगभग 04:30 बजे ऋषिकेश कंट्रोल रूम द्वारा सूचना प्राप्त हुई कि एम्स ऋषिकेश के समीप बैराज स्थित ओम घाट पर गंगा नदी में स्नान के दौरान एक किशोर तेज बहाव में बहकर डूब गया है।

सूचना प्राप्त होते ही एसडीआरएफ पोस्ट ढालवाला की टीम आवश्यक डीप डाइविंग एवं रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

घटनास्थल पर प्राप्त जानकारी के अनुसार *चंदन शर्मा पुत्र दयाराम शर्मा, उम्र 12 वर्ष, निवासी गली नं. 29, शिवाजी नगर, ऋषिकेश* अपने दोस्तों के साथ गंगा नदी में स्नान करने आया था। स्नान के दौरान वह अचानक असंतुलित होकर नदी के तेज बहाव में बह गया तथा देखते ही देखते डूब गया।

एसडीआरएफ टीम द्वारा डीप डाइविंग उपकरणों एवं अन्य रेस्क्यू संसाधनों की सहायता से घटना स्थल एवं डाउनस्ट्रीम के सभी संभावित स्थानों पर गहन सर्च अभियान चलाया गया। फिलहाल किशोर का कोई पता नहीं चल सका है। एसडीआरएफ का सर्च अभियान लगातार जारी है।

घटनास्थल पर ऋषिकेश पुलिस एवं जल पुलिस भी मौजूद रहकर आवश्यक समन्वय एवं सहयोग प्रदान कर रही हैं।

जनमानस से अपील

एसडीआरएफ उत्तराखण्ड सभी श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों से अपील करती है कि वर्तमान में गंगा नदी का जलस्तर एवं बहाव अत्यधिक बढ़ा हुआ है। कृपया किसी भी प्रकार की लापरवाही करते हुए नदी में प्रवेश न करें। केवल चिन्हित एवं सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करें तथा प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करें। आपकी थोड़ी-सी सावधानी किसी भी अप्रिय दुर्घटना को रोक सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *