उत्तराखंडदेहरादून

उत्तरकाशी में भागीरथी नदी के बीच फंसे 2 जिंदगियों के लिए ‘संकटमोचन’ बनी SDRF

भागीरथी नदी में SDRF बनी “संकटमोचन”, टापू में फंसे 2 व्यक्तियों को रात्रि अभियान चलाकर सकुशल निकाला बाहर

आज रात्रि लगभग 21:00 बजे DCR उत्तरकाशी के माध्यम से SDRF टीम, उजेली को सूचना प्राप्त हुई कि उत्तरकाशी क्षेत्र में भागीरथी नदी के बीच बने एक टापू पर 2 व्यक्ति अचानक नदी का जलस्तर एवं तेज बहाव बढ़ जाने के कारण फंस गए हैं। अंधेरा होने एवं नदी के तीव्र बहाव के चलते दोनों व्यक्ति स्वयं बाहर निकलने में असमर्थ थे।

सूचना प्राप्त होते ही SDRF टीम बिना समय गंवाए आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल हेतु रवाना हुई। मुख्य आरक्षी दुर्गेश रतूड़ी के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर तत्काल स्थिति का आंकलन किया। नदी का बहाव अत्यधिक तेज होने के साथ-साथ रात्रि का समय एवं सीमित दृश्यता रेस्क्यू अभियान को अत्यंत चुनौतीपूर्ण बना रहे थे।

SDRF जवानों द्वारा अत्यंत सूझबूझ एवं पेशेवर दक्षता का परिचय देते हुए रोप रेस्क्यू तकनीक स्थापित की गई तथा लाइफ जैकेट एवं अन्य सुरक्षा उपकरणों की सहायता से चरणबद्ध तरीके से नदी के बीच बने टापू तक पहुंच बनाई गई। कठिन एवं जोखिमपूर्ण परिस्थितियों के बीच SDRF टीम उन दोनों व्यक्तियों तक पहुंचने में सफल रही, जो काफी समय से सहायता की प्रतीक्षा कर रहे थे।

रेस्क्यू टीम द्वारा दोनों व्यक्तियों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण पहनाकर सुरक्षित तरीके से नदी की मुख्य धारा से बाहर निकाला गया। सफल रेस्क्यू के उपरांत दोनों व्यक्तियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाकर आवश्यक सहायता प्रदान की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *