ऋषिकेश के डबल ट्रिपल बीच पर बड़ा हादसा, गंगा में डूबे अमरोहा के दो युवक
डबल ट्रिपल बीच क्षेत्र में गंगा नदी में डूबे युवक का शव SDRF एवं जल पुलिस द्वारा बरामद, दूसरे युवक की तलाश जारी
दिनांक 21 मई 2026 को डबल ट्रिपल बीच क्षेत्र में गंगा नदी में डूबे अमरोहा निवासी दो युवकों की सूचना प्राप्त होने पर SDRF टीम द्वारा तत्काल रेस्क्यू एवं सर्च अभियान प्रारंभ किया गया। घटना के बाद से SDRF टीम द्वारा लगातार गंगा नदी के विभिन्न संभावित क्षेत्रों में गहन सर्चिंग की जा रही थी।
लगातार चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान आज थाना लक्ष्मण झूला क्षेत्रांतर्गत साधु समाज घाट से एक युवक का शव बरामद किया गया। बरामद शव की पहचान मोहम्मद कैफ निवासी अमरोहा के रूप में परिजनों द्वारा की गई है। आवश्यक कार्यवाही उपरांत शव को स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।
कमांडेंट SDRF श्री अर्पण यदुवंशी के अनुसार दूसरे लापता युवक की तलाश हेतु SDRF टीम द्वारा डीप डाइविंग उपकरणों एवं अन्य आवश्यक रेस्क्यू संसाधनों की सहायता से गंगा नदी में लगातार सर्च अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नदी का तेज बहाव एवं गहराई अभियान को चुनौतीपूर्ण बना रहे हैं, बावजूद इसके SDRF टीम पूर्ण तत्परता एवं समर्पण के साथ अभियान में जुटी हुई है। साथ ही उन्होंने आमजन से अपील की कि गंगा नदी के तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें तथा केवल निर्धारित एवं सुरक्षित स्थानों पर ही स्नान करें, क्योंकि किसी भी प्रकार की लापरवाही गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।
