कांग्रेस के भ्रामक प्रचार के खिलाफ मल्ला रामगढ़ में भाजपा का जोरदार विरोध प्रदर्शन, सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने किया विरोध
मल्ला रामगढ़। कांग्रेस पार्टी द्वारा क्षेत्र की सरकारी संपत्तियों एवं भूमि को लेकर फैलाए जा रहे कथित भ्रामक प्रचार के विरोध में आज मल्ला रामगढ़ में मण्डल अध्यक्ष अंकित पाण्डे के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि एकत्रित हुए और कांग्रेस पार्टी के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए जनता के बीच भ्रम फैलाने के प्रयासों का विरोध किया।
भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि कांग्रेस पार्टी द्वारा लगातार यह भ्रामक खबर प्रचारित की जा रही है कि मल्ला रामगढ़ स्थित पीडब्ल्यूडी निरीक्षण भवन, उद्यान विभाग की लगभग 300 नाली भूमि तथा रानीबाग स्थित एचएमटी की भूमि को बाहरी हाथों में सौंपा जा रहा है। भाजपा ने इस प्रचार को पूरी तरह भ्रामक एवं तथ्यों से परे बताते हुए कहा कि बिना तथ्यों की पुष्टि किए इस प्रकार की खबरें फैलाकर क्षेत्र की जनता को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को यदि किसी विषय पर कोई शंका या आपत्ति है तो उसे तथ्यों और प्रमाणों के आधार पर जनता के सामने रखना चाहिए, न कि मनगढ़ंत एवं भ्रामक प्रचार के माध्यम से लोगों में भय और भ्रम का माहौल पैदा करना चाहिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की सरकारी संपत्तियों और जनहित से जुड़े विषयों पर राजनीति करने के बजाय जनता को सही जानकारी देना सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जनता के हितों, क्षेत्र के विकास और सरकारी संपत्तियों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। जनता के बीच झूठ और भ्रम फैलाकर राजनीतिक लाभ लेने की किसी भी कोशिश का पार्टी कार्यकर्ता लोकतांत्रिक तरीके से पुरजोर विरोध करेंगे। उन्होंने कांग्रेस से तथ्यों के साथ अपनी बात रखने और जनता को गुमराह करने वाली राजनीति से दूर रहने की अपील की।
इस विरोध प्रदर्शन में दर्जा राज्यमंत्री देवेंद्र सिंह ढैला, भाजपा रामगढ़ मंडल अध्यक्ष अंकित पांडे, भाजपा धारी मंडल अध्यक्ष कृष्ण चंद्र, भाजपा जिला मंत्री कुंदन चिलवाल, विधायक प्रतिनिधि कमलेश बिष्ट, पूर्व मंडल अध्यक्ष देवेंद्र बिष्ट, वरिष्ठ भाजपा नेता गोविंद रावत, जिला कार्यसमिति सदस्य आदित्य सिंह बिष्ट, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष पूरन सुयाल, मंडल महामंत्री नंदन कोरंगा, मोहन बिष्ट, दान सिंह गैलाकोटी, लक्ष्मण मेवाड़ी, राकेश मेहता, ग्राम प्रधान बड़ेत बहादुर अनेरिया, ग्राम प्रधान किलौर राजेंद्र नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रतिनिधि सुभाष रैकवाल, ग्राम प्रधान सुरालगांव अमित नेगी, सरपंच सुनकिया पंकज डंगवाल, विवेक डंगवाल एवं पवन डंगवाल सहित सैकड़ों भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
प्रदर्शन के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ताओं ने एकजुटता का परिचय देते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि क्षेत्र की जनता को भ्रमित करने वाले किसी भी प्रचार का जवाब तथ्यों और लोकतांत्रिक विरोध के माध्यम से दिया जाएगा।

