Bharat News:- नगर निगम देहरादून द्वारा “क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT)” का शुभारम्भ।
देहरादून
देहरादून शहर को स्वच्छ, सुरक्षित एवं आपदा की परिस्थितियों में त्वरित राहत उपलब्ध कराने की दिशा में नगर निगम देहरादून द्वारा आज दिनांक 03 जुलाई, 2026 को “क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT)” का शुभारम्भ किया गया। इस अभिनव पहल के अंतर्गत नगर निगम द्वारा 5 समर्पित क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) वाहनों को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में तैनात किया गया है।
इस अवसर पर माननीय कैबिनेट मंत्री (शहरी विकास) श्री राम सिंह कैडा जी एवं माननीय महापौर श्री सौरभ थपलियाल जी ने संयुक्त रूप से QRT वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम में नगर आयुक्त श्री आलोक कुमार पाण्डेय, आईएएस, उप नगर आयुक्त श्री तनवीर मरवाह, मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आनंद कुमार शुक्ला, सहायक नगर आयुक्त श्री राजबीर सिंह चौहान सहित नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर नगर निगम के सम्मानित पार्षदगण भी उपस्थित रहे।
नगर निगम देहरादून द्वारा प्रारम्भ की गई इस क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) के अंतर्गत प्रत्येक वाहन में 6 प्रशिक्षित कार्मिकों की समर्पित टीम तैनात रहेगी। ये टीमें शहर में आपातकालीन स्वच्छता सेवाओं, प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के दौरान त्वरित कार्रवाई तथा विशेष परिस्थितियों में तत्काल राहत एवं सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करेंगी।
प्रत्येक क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) को आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक आधुनिक उपकरण एवं संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं। प्रत्येक टीम को ग्रास कटिंग मशीन, बेलचा, फावड़ा, गैंती, सब्बल, झाड़ी काटने वाली तलवार, कुल्हाड़ी, रस्सियां, सुरक्षा उपकरण सहित अन्य आवश्यक स्वच्छता एवं आपदा प्रबंधन उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल एवं प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
QRT के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं अथवा प्राकृतिक आपदाओं के उपरांत मलबा एवं कचरा हटाने, जलभराव एवं नालियों की आपात सफाई, सार्वजनिक स्थलों की विशेष स्वच्छता, विशेष आयोजनों के दौरान अतिरिक्त सफाई व्यवस्था, आग अथवा अन्य आपदा की स्थिति में आवश्यक स्वच्छता सहायता तथा अन्य आकस्मिक स्वच्छता संबंधी शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
इस अवसर पर माननीय कैबिनेट मंत्री (शहरी विकास) श्री राम सिंह कैडा जी एवं माननीय महापौर श्री सौरभ थपलियाल जी ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि नगर निगम देहरादून द्वारा प्रारम्भ की गई क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) नागरिकों को आपातकालीन स्वच्छता सेवाएं समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि यह सेवा शहर में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ आपदा एवं विशेष परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेगी तथा नागरिकों को शीघ्र राहत प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
नगर आयुक्त श्री आलोक कुमार पाण्डेय, आईएएस ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम द्वारा 5 समर्पित QRT वाहनों को विभिन्न क्षेत्रों में तैनात किया गया है तथा प्रत्येक वाहन में 6 प्रशिक्षित कार्मिकों की टीम कार्य करेगी। उन्होंने बताया कि QRT के माध्यम से प्राप्त शिकायतों एवं आपातकालीन स्वच्छता संबंधी सूचनाओं पर टीमें तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगी। नागरिकों की सुविधा के लिए टोल फ्री नंबर 1800-180-4571 जारी किया गया है, जिस पर संपर्क कर QRT सेवा का लाभ लिया जा सकता है।
नगर निगम देहरादून ने नागरिकों से अपील की है कि आपातकालीन स्वच्छता संबंधी किसी भी समस्या अथवा विशेष परिस्थिति में टोल फ्री नंबर 1800-180-4571 पर संपर्क कर QRT सेवा का लाभ उठाएं।
“स्वच्छ देहरादून – स्वस्थ देहरादून”
