बद्रीनाथ धाम से भगवान नारायण का चोरी हुआ सोने का मुकुट बरामद, आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया।
बद्रीनाथ धाम से भगवान नारायण का करीब ₹5 लाख मूल्य का सोने का मणि जड़ित मुकुट चोरी करने वाले आरोपी को चमोली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी गया मुकुट, ₹4,500 नकद और वारदात में इस्तेमाल किया गया बैग भी बरामद कर लिया है। धार्मिक आस्था से जुड़े इस संवेदनशील मामले का पुलिस ने महज कुछ दिनों में खुलासा करते हुए आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
आपको बता दें की 27 जुलाई 2026 को ब्रह्मर्षि साधना संघ आश्रम, ब्रह्मकपाल के ब्रह्मचारी भगवत दास ने थाना बद्रीनाथ में तहरीर देकर बताया कि आश्रम में ठहरे साधु राघवदास ने 24 जुलाई की रात भगवान नारायण का लगभग ₹5 लाख मूल्य का सोने का मणि जड़ित मुकुट और नकदी चोरी कर ली। शिकायत के आधार पर थाना बद्रीनाथ में भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना तंत्र की मदद से लगातार छानबीन, पूछताछ और संभावित ठिकानों पर दबिश दी।
29 जुलाई को मुखबिर की सटीक सूचना पर बद्रीश गंगा वाटिका गेट, हनुमानचट्टी रोड के पास घेराबंदी कर पुलिस ने भागने की कोशिश कर रहे आरोपी राघवराम पाठक उर्फ राघवदास, निवासी श्रावस्ती, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर भगवान नारायण का चोरी गया सोने का मणि जड़ित मुकुट, चोरी की नकदी में से ₹4,500 और घटना में इस्तेमाल किया गया काला बैग बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने आश्रम के मंदिर से मुकुट और वहीं ठहरे एक व्यक्ति के बैग से नकदी चोरी करने की बात स्वीकार की। बरामदगी के बाद मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
