उत्तराखंड नौकरशाही में बड़ा धमाका, एक साथ 19 IAS अफसरों के तबादले
देहरादून– उत्तराखंड की नौकरशाही में शुक्रवार देर शाम बड़ा धमाका हुआ। सरकार ने एक साथ कई आईएएस और पीसीएस अधिकारियों के तबादले कर प्रशासनिक गलियारों में हलचल मचा दी। देर रात जारी दो ट्रांसफर लिस्ट के बाद सचिवालय से लेकर जिलों तक अफसरशाही में चर्चाओं का बाजार गर्म है।
उत्तराखंड शासन में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल।
19 IAS अधिकारियों के तबादले और दायित्वों में बदलाव।
सवीन बंसल बनाए गए सचिव नियोजन।
आशीष चौहान को देहरादून का जिलाधिकारी और स्मार्ट सिटी CEO की जिम्मेदारी।
नमामि बंसल को विद्यालयी शिक्षा विभाग में अपर सचिव की जिम्मेदारी।
आलोक कुमार पांडे बने नगर आयुक्त, नगर निगम देहरादून।
आनंद स्वरूप को मिला गढ़वाल मंडल आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार।
विनय शंकर पांडे को नागरिक उड्डयन, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया।
अपूर्वा पांडे को बागेश्वर का नया जिलाधिकारी बनाया गया।

आकांक्षा कोंडे को महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा का जिम्मा।
सरकार ने देर शाम जारी किए तबादला आदेश।

कई अहम विभागों में नए अधिकारियों की तैनाती के साथ शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था में किया बड़ा बदलाव।
सबसे ज्यादा चर्चा देहरादून के जिलाधिकारी सविन बंसल के तबादले की रही। तेजतर्रार अफसर माने जाने वाले सविन बंसल को अब शासन में सचिव नियोजन की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी जगह आशीष चौहान को राजधानी देहरादून की कमान सौंप दी गई है।
गढ़वाल मंडल में भी बड़ा बदलाव हुआ है। आनंद स्वरूप को नया मंडलायुक्त बनाया गया है, जबकि विनय शंकर पांडे को स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा और नागरिक उड्डयन जैसे बड़े विभागों की जिम्मेदारी देकर सरकार ने उन पर बड़ा भरोसा जताया है।
उधर, मुख्य निर्वाचन अधिकारी बीवीआरसी पुरुषोत्तम को उच्च शिक्षा विभाग सौंपा गया है। वहीं सोनिका से कर एवं निबंधन विभाग हटाना भी चर्चाओं में बना हुआ है। अब यह जिम्मेदारी प्रतीक जैन संभालेंगे।
देहरादून नगर निगम में भी बड़ा फेरबदल देखने को मिला। नगर आयुक्त नमामि बंसल को अपर सचिव विद्यालयी शिक्षा बनाया गया है, जबकि आलोक कुमार पांडेय को नगर निगम देहरादून की जिम्मेदारी दी गई है।
बागेश्वर में भी डीएम बदले गए हैं। अपूर्वा पांडेय को जिले की नई जिलाधिकारी बनाया गया है, जबकि आकांक्षा कोंडे को महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा कई विभागों में अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां देकर सरकार ने साफ संकेत दिए हैं कि अब प्रशासनिक कामकाज में तेजी और कसावट दोनों देखने को मिलेंगी।
सूत्रों की मानें तो आने वाले दिनों में कुछ और विभागों में भी बड़े बदलाव हो सकते हैं। फिलहाल देर रात जारी तबादला सूची ने उत्तराखंड की नौकरशाही में हलचल तेज कर दी है।
