उत्तराखंडदेहरादून

पहली बारिश में धंसा 16 करोड़ का नया पुल, लोगों ने उठाए सवाल

देहरादून: देहरादून-पांवटा साहिब पुराने राजमार्ग पर टौंस नदी के ऊपर बना नंदा की चौकी का नया पुल पहली ही भारी बारिश में मुश्किलों में घिर गया है। पुल की एप्रोच रोड धंस गई है, जिससे इसके निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं।

इस पुल के निर्माण पर करीब 16 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। लेकिन शुरू होने के कुछ ही दिनों बाद इसमें धंसाव दिखाई देने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है।

बताया जा रहा है कि 11 जुलाई को तेज बारिश के कारण ह्यूम पाइप से बनी अस्थायी पुलिया बह गई थी, जिससे लोगों का संपर्क टूट गया था। इसके बाद लोक निर्माण विभाग (PWD) ने जल्दबाजी में बचा हुआ काम पूरा कर 12 जुलाई से नए पुल पर वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी थी।

अब पहली ही भारी बारिश में एप्रोच रोड धंसने के बाद लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या पुल का निर्माण सही तरीके से किया गया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार इस सड़क पर ऐसी समस्या होने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही वे निर्माण कार्य की जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *