उत्तराखंड: 15 जनवरी तक तैयार होगी ट्रैकिंग और माउंटेनियरिंग पॉलिसी, मुख्य सचिव ने दिए इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के निर्देश
देहरादून | 05 जनवरी, 2026
मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में सचिवालय में वन विभाग के अंतर्गत इको-टूरिज्म को लेकर उच्च अधिकार प्राप्त समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में मुख्य सचिव ने राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए इको-टूरिज्म के लिए एक मजबूत इको-सिस्टम तैयार करने पर जोर दिया।
15 जनवरी तक फाइनल होगी नई इंटीग्रेटेड पॉलिसी
मुख्य सचिव ने ट्रैकिंग और माउंटेनियरिंग के लिए एक इंटीग्रेटेड पॉलिसी तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि 15 जनवरी तक इस पॉलिसी को अंतिम रूप देकर शासन को प्रस्तुत किया जाए। पॉलिसी बनाने से पहले निजी स्टैक होल्डर्स (Private Stakeholders) से संवाद करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि भविष्य में व्यावहारिक समस्याओं से बचा जा सके।
इसके साथ ही, ट्रैकिंग के लिए नई चोटियां (Peaks) खोलने की दिशा में भी कार्य शुरू करने को कहा गया है, जिसके लिए पर्यावरण ऑडिट और SOP शीघ्र जारी की जाएगी।
चौरासी कुटिया का जीर्णोद्धार और जबरखेत मॉडल
मुख्य सचिव ने ऋषिकेश स्थित चौरासी कुटिया के जीर्णोद्धार कार्य को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यदायी संस्था को हर काम की टाइमलाइन निर्धारित करने को कहा।
इको-टूरिज्म के सफल जबरखेत मॉडल की तर्ज पर अन्य स्थलों को विकसित करने की योजना है। इसके लिए संभागीय वन अधिकारियों (DFOs) को विशेष टास्क दिए जाएंगे। मुख्य सचिव ने 10 चिन्हित साइट्स का प्लान एक महीने के भीतर शासन को भेजने के निर्देश दिए हैं।
इको-टूरिज्म डेवलपमेंट बोर्ड (ETDB) होगा और मजबूत
वन क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों के बेहतर संचालन के लिए मुख्य सचिव ने इको-टूरिज्म डेवलपमेंट बोर्ड (ETDB) को सशक्त बनाने की बात कही।
बजट और मैनपावर: बोर्ड में मैनपावर बढ़ाई जाएगी और बजट के लिए नया हेड खोला जाएगा।
ग्रांट: पर्यटन विभाग (UTDB) की तर्ज पर अब ईटीडीबी को भी सरकारी ग्रांट मिल सकेगी।
संचालन: इको-टूरिज्म साइट्स के संचालन के लिए शीघ्र ही एमओयू (MoU) किया जाएगा।
ट्रेनिंग और सर्टिफिकेशन पर जोर
प्रदेश में पर्यटन सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने के लिए मुख्य सचिव ने फॉर्मल ट्रेनिंग प्रोग्राम शुरू करने के निर्देश दिए। प्रशिक्षण के बाद युवाओं को सर्टिफिकेट भी दिया जाएगा। इस प्रमाणीकरण की जिम्मेदारी पर्यटन विभाग को सौंपी गई है, जिसमें उच्च शिक्षा विभाग से भी सुझाव लिए जाएंगे।
बैठक में उपस्थित अधिकारी:
इस अवसर पर सचिव दीपेन्द्र कुमार चौधरी, पीसीसीएफ रंजन कुमार मिश्रा, सीसीएफ इको-टूरिज्म पी.के. पात्रो और अपर सचिव हिंमाशु खुराना सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
