यूपी भाजपा को नया अध्यक्ष, पंकज चौधरी के नेतृत्व में 2027 में रिकॉर्ड जीत का दावा
पंकज चौधरी बने भाजपा उत्तर प्रदेश के नए प्रदेश अध्यक्ष, 2027 में 325+ सीटों का लक्ष्य: केशव मौर्य
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश संगठन की कमान पंकज चौधरी को सौंप दी है। उनके प्रदेश अध्यक्ष बनने की घोषणा के साथ ही पार्टी ने 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों का शंखनाद कर दिया है। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बड़ा चुनावी दावा करते हुए कहा कि भाजपा पंकज चौधरी के नेतृत्व में 2017 का रिकॉर्ड तोड़ते हुए 325 से अधिक सीटें जीतने का संकल्प ले रही है।
केशव मौर्य ने कहा कि समाजवादी पार्टी की “फर्जी पीडीए राजनीति” को जनता पूरी तरह नकार चुकी है और 2027 में भाजपा एक बार फिर प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन को मजबूत करने में पूरी ताकत झोंक दें और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व तथा कमल के निशान को जन-जन तक पहुंचाएं।
उपमुख्यमंत्री ने पंकज चौधरी को पार्टी का सबसे अनुभवी नेता बताते हुए कहा कि वे सात बार सांसद रह चुके हैं और वर्तमान में केंद्र सरकार में वित्त राज्य मंत्री के रूप में देश की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जमीन से जुड़े नेतृत्व के कारण संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी।
केशव मौर्य ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की भी सराहना करते हुए कहा कि वर्ष 2017 से उत्तर प्रदेश में भाजपा लगातार मजबूत और सफल सरकार चला रही है। साथ ही उन्होंने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी के कार्यकाल को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में पार्टी ने प्रदेश में बड़ी चुनावी सफलताएं हासिल कीं।
