उत्तराखंडदेहरादून

मसूरी विधानसभा क्षेत्र में विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी 2025-26 का शुभारंभ

देहरादून | 02 जनवरी

गढ़ी कैंट स्थित गोरखा मिलिट्री इंटर कॉलेज में आयोजित विधानसभा स्तरीय विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी 2025-26 का उद्घाटन कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी द्वारा फ्लैग के माध्यम से किया गया। आयोजन युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल विभाग द्वारा शिक्षा एवं खेल विभाग के सहयोग से किया गया।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा 800 मीटर दौड़ प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए।

उन्होंने कहा कि विगत सात वर्षों से युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल विभाग द्वारा शिक्षा एवं खेल विभाग के सहयोग से खेल महाकुंभ की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इस वर्ष इन प्रतियोगिताओं को मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के नाम से आयोजित किया जाना एक सराहनीय पहल है।

मंत्री ने बताया कि अब विकासखंड स्तर की प्रतियोगिताओं के स्थान पर विधानसभा स्तर पर विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी तथा जनपद स्तर पर सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी आयोजित की जा रही हैं। मसूरी विधानसभा क्षेत्र में अंडर-14 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाओं के लिए एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, पिट्ठू एवं मुर्गा झपट जैसी खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि विधायक स्तर पर चयनित खिलाड़ी आगे सांसद स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करेंगे। इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना, ग्रामीण खेलों को प्रोत्साहित करना, विद्यार्थियों को ई-कल्चर से पी-कल्चर की ओर प्रेरित करना, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार करना, स्कूल ड्रॉपआउट खिलाड़ियों को खेलों से जोड़ना तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

मंत्री ने कहा कि खेलकूद एवं योग से शारीरिक और मानसिक विकास संभव है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा उपस्थित जनसमूह को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुंग, मनोज क्षेत्री, ज्योति कोटिया, लक्ष्मण सिंह रावत, विष्णु प्रसाद गुप्ता, सारिका खत्री, धीरज ठाकुर, प्रदीप शर्मा, युवा कल्याण अधिकारी इमरान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *