नयार घाटी के सर्वांगीण विकास को लेकर सरकार प्रतिबद्ध: सतपाल महाराज
नयार घाटी के सर्वांगीण विकास को लेकर सरकार प्रतिबद्ध: सतपाल महाराज
सतपुली (पौड़ी)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में विकास के नए कीर्तिमान स्थापित हो रहे हैं। चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र की नयार घाटी का सर्वांगीण विकास सरकार की प्राथमिकता है।
यह बात कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने सतपुली नगर पंचायत के दसवें नयार घाटी पंचायत महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए कही। कार्यक्रम का आयोजन एक स्थानीय वेडिंग प्वाइंट में किया गया।
सतपाल महाराज ने बताया कि सतपुली नगर पंचायत क्षेत्र में 56 करोड़ 34 लाख 97 हजार रुपये की लागत से बहुप्रतीक्षित झील का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। वहीं 1 करोड़ 61 लाख 44 हजार रुपये की लागत से निर्माणाधीन नगर पंचायत भवन का कार्य 95 प्रतिशत पूरा हो चुका है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटन और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। दंगलेश्वर महादेव मंदिर में 76 लाख रुपये की लागत से स्नानागार निर्माण और सौंदर्यीकरण किया गया है। सतपुली में 2 करोड़ 81 लाख रुपये की लागत से बहुमंजिला शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, शौचालय और पार्किंग का निर्माण कराया गया है। ओडल बड़ा में गौशाला निर्माण का कार्य भी पूर्ण हो चुका है।
पर्यटन विभाग द्वारा सतपुली में 4 करोड़ 42 लाख 65 हजार रुपये की लागत से 40 शैय्या वाले पर्यटन आवास गृह का निर्माण 95 प्रतिशत पूरा हो चुका है। नगर पंचायत क्षेत्र में पार्किंग समस्या के समाधान के लिए 3 करोड़ 52 लाख 53 हजार रुपये की लागत से कार पार्किंग का निर्माण कार्य जारी है।
सिंचाई विभाग से 2 करोड़ 37 लाख 88 हजार रुपये की लागत से निरीक्षण भवन एवं डोरमेट्री का निर्माण किया जा रहा है। पेयजल समस्या के समाधान के लिए 25 करोड़ 56 लाख रुपये की लागत से सतपुली नगरीय पंपिंग पेयजल योजना पर कार्य चल रहा है। गुमखाल से सतपुली के बीच मोटर मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए 400 करोड़ रुपये की स्वीकृति के साथ निर्माण कार्य प्रगति पर है।
सतपाल महाराज ने कहा कि नयार घाटी के समग्र विकास के लिए वे निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
