मुख्यमंत्री आवास परिसर में 4,000 ट्यूलिप रोपण अभियान का शुभारंभ
17 प्रजातियों के ट्यूलिप से सजेगा मुख्यमंत्री आवास, व्यावसायिक उत्पादन की दिशा में बड़ा कदम

देहरादून।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास परिसर के उद्यान में ट्यूलिप रोपण अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अपने परिवार के साथ ट्यूलिप के बल्ब रोपकर पर्यावरण संरक्षण और पुष्प उत्पादन को बढ़ावा देने का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री आवास परिसर में इस वर्ष 17 विभिन्न प्रजातियों के लगभग 4,000 ट्यूलिप बल्ब लगाए जा रहे हैं। इनमें लेक पर्पल और बाईकलर जैसी आकर्षक और विशेष रंगत वाली ट्यूलिप प्रजातियां भी शामिल हैं, जो आने वाले समय में परिसर की सुंदरता को और बढ़ाएंगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उद्यान विभाग को निर्देश दिए कि राज्य में ट्यूलिप के व्यावसायिक उत्पादन की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि पुष्प उत्पादन और बागवानी के क्षेत्र में नवाचार से किसानों और उद्यमियों को नए अवसर मिल सकते हैं।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने उद्यान प्रभारी दीपक पुरोहित से ट्यूलिप उत्पादन की प्रक्रिया, जलवायु अनुकूलता और रखरखाव से जुड़ी जानकारी प्राप्त की। साथ ही मुख्यमंत्री आवास परिसर में संचालित मशरूम उत्पादन, मौनपालन (मधुमक्खी पालन) एवं अन्य बागवानी गतिविधियों की भी समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह की पहलें न केवल हरित वातावरण को प्रोत्साहित करती हैं, बल्कि राज्य की आर्थिकी को मजबूत करने में भी सहायक सिद्ध होंगी।
