पिथौरागढ़: गौरी नदी किनारे लापता व्यक्ति की तलाश में SDRF जुटी
जनपद पिथौरागढ़: छोरी बगड़, बंगापानी में लापता व्यक्ति की तलाश में SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी
जनपद पिथौरागढ़ के थाना जौलजीबी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छोरीबगड़, बंगापानी में एक बुजुर्ग व्यक्ति के लापता होने के मामले में SDRF द्वारा सर्च अभियान लगातार जारी है।
दिनांक 09 दिसम्बर 2025 को ग्राम प्रधान बंगापानी द्वारा सूचना दी गई कि ग्राम छोरीबगड़ निवासी दौलत सिंह टोलिया (उम्र लगभग 80 वर्ष), जो अविवाहित थे और अकेले रहते थे, दिन में कई बार गौरी नदी की ओर जाते हुए देखे गए थे। स्थानीय लोगों द्वारा उन्हें वापस भी लाया गया, लेकिन इसके बाद वह अपने घर नहीं लौटे।
ग्रामीणों द्वारा आशंका व्यक्त की गई कि लापता व्यक्ति ने गौरी नदी में छलांग लगा दी है, क्योंकि उनकी चप्पलें नदी किनारे पाई गईं। सूचना मिलने पर पुलिस कर्मियों एवं ग्रामीणों द्वारा रात्रि में टॉर्च एवं ड्रैगन लाइट की सहायता से नदी किनारे सर्च किया गया, लेकिन अंधेरा होने तथा नदी के तेज बहाव के कारण कोई सफलता नहीं मिल सकी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए SDRF को सूचना दी गई। पोस्ट अस्कोट से अपर उपनिरीक्षक सुंदर सिंह बोरा के नेतृत्व में SDRF टीम द्वारा छोरी बगड़, बंगापानी क्षेत्र में पुनः गहन सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है। SDRF द्वारा नदी एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार तलाश की जा रही है।
प्रशासन द्वारा स्थिति पर नजर रखी जा रही है और सर्च अभियान जारी है।
