राष्ट्रीय

नक्सलियों ने पूर्व जनपद सदस्य व कांग्रेस के नेता को परिवार के सामने उतारा मौत के घाट, गांव में दहशत

छत्‍तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में नक्‍सलियों की एक और कायराना करतूत सामने आई है। बीती रात नक्सलियों ने पूर्व जनपद सदस्य व कांग्रेस के नेता रह चुके जोगा पोडियामी की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद से परिवार में जहां शोक की लहर छा गई, वहीं इलाके में दहशत का माहौल है। वारदात की जानकारी लगते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई है। जहां परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली जा रही है। यहां पूरा मामला अरनपुर थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक शुक्रवार की रात को करीब 20 से अधिक नक्सली जोगा पोडियामी के घर पहुंचे। जहां से उसे घर के बाहर लाकर परिवारवालों के सामने ही बेरहमी से हत्या कर दी। नक्‍सलियों ने पूर्व जनपद सदस्य पर पुलिस की मदद करने और भाजपा के लिए प्रचार करने का आरोप लगाया है। मृतक जोगा पोडियामी कई वर्षों से कांग्रेस में रहकर कार्य कर रहा था। इन्हीं कार्यों की वजह से वहां की जनता ने उसे जनपद सदस्य भी बनाया था, क्षेत्र में लगातार लोगों को मतदान और अन्य कार्यो के लिए जागरूक कर रहा था। बता दें कि मौजूदा समय में जोगा पोडियामी की पत्नी जनपद सदस्य है।
विधानसभा और लोकसभा चुनाव के दौरान नक्सलियों ने जोगा को इन सब से दूरी बनाए रखने की बात कही थी, लेकिन इन सबके बाद भी जोगा पोडियामी क्षेत्र के लोगों को मतदान करने के लिए हमेशा से प्रेरित कर रहे थे। जिसके चलते वे नक्सलियों के टारगेट में थे। इसी बौखलाहट के चलते नक्सलियों ने इस वारदात को अंजाम दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

10 साल पहले बेटे को जिंदा जलाया था

नक्‍सलियों ने 10 वर्ष पहले मृतक के बेटे हरीश पोडियामी की भी हत्या की थी। जनदालत में मां और पिता के सामने ही पुत्र को जिंदा जला दिया था। आतंकियों ने हरीश पोडियामी पर पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाया था। वहीं 2018 के विधानसभा चुनाव के समय नक्सलियों ने BJP नेता नंदलाल मुडामी पर हमला किया था, उसी समय जोगा पोडियामी को भी चेतावनी दी थी। बता दें कि गांव में सड़क, पुलिस कैंप और विकास के कामों से नक्सली बौखलाए हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *