स्वामी विवेकानंद की जीवनी पर रील बनाइए, नगद इनाम जीतिए: रेखा आर्या
युवा दिवस पर सम्मानित किए जाएंगे विजेता प्रतिभागी
12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद जयंती पर होगा आयोजन
देहरादून, 7 जनवरी।
स्वामी विवेकानंद के विचारों, जीवन दर्शन और सामाजिक-धार्मिक मूल्यों पर आधारित रील बनाकर युवा नगद पुरस्कार राशि जीत सकते हैं। चयनित प्रतिभागियों को 12 जनवरी को राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा।
बुधवार को प्रांतीय रक्षक दल निदेशालय में आयोजित बैठक में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने युवा दिवस कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक के बाद उन्होंने बताया कि स्वामी विवेकानंद के विचारों से प्रदेश के अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ने के उद्देश्य से इस वर्ष यह नई और अभिनव पहल शुरू की गई है।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि विभाग द्वारा जारी लिंक के माध्यम से युवा स्वामी विवेकानंद के जीवन, दर्शन और विचारधारा पर आधारित 30 से 60 सेकंड की इंस्टाग्राम रील अपलोड कर सकते हैं। प्राप्त प्रविष्टियों में से एक चयन समिति द्वारा सर्वश्रेष्ठ तीन रीलों का चयन किया जाएगा। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः ₹11,000, ₹7,000 और ₹5,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इस प्रतियोगिता में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा प्रतिभाग कर सकते हैं।
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि युवा दिवस समारोह के दौरान प्रदेश के तीन युवा मंगल दल और तीन महिला मंगल दलों को क्रमशः ₹1 लाख, ₹50 हजार और ₹25 हजार की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही नेशनल यूथ अवार्ड से सम्मानित युवाओं को भी विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि युवा दिवस कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति के विविध रंग भी देखने को मिलेंगे।
बैठक में युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल निदेशक आशीष चौहान, उपनिदेशक शक्ति सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
आवेदन की पूरी प्रक्रिया
-
स्वामी विवेकानंद पर आधारित 30–60 सेकंड की इंस्टाग्राम रील बनाएं, जिसमें उनके विचारों को आधुनिक भारत के संदर्भ में प्रस्तुत किया गया हो।
-
रील को इंस्टाग्राम पर पब्लिक प्रोफाइल से अपलोड करें।
-
रील में हैशटैग का उपयोग करें: #NationalYouthDay2026
-
रील को इंस्टाग्राम स्टोरी में भी उसी हैशटैग के साथ शेयर करें।
-
रील अपलोड करते समय इन हैंडल्स को टैग करना अनिवार्य है:
@rekhaaryaoffice @officialukprd @uksportsdept -
आवेदन की अंतिम तिथि 9 जनवरी 2026 है।
-
विजेताओं की घोषणा 10 जनवरी 2026 को की जाएगी।
-
रील पब्लिक होनी चाहिए ताकि जजिंग प्रक्रिया सुचारू रूप से की जा सके।
