उत्तराखंडकोटद्वार

कोटद्वार: लालबत्ती चौक पर स्थापित होगी वीरबाला तीलू रौतेली की मूर्ति, विचार मंच ने विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी का जताया आभार

 

कोटद्वार | 13 जनवरी, 2026

वीरबाला तीलू रौतेली विचार मंच के सदस्यों ने मंगलवार को कोटद्वार के निम्बूचौड़ स्थित विधानसभा अध्यक्ष और स्थानीय विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण के निजी आवास पर मुलाकात की। मंच के सदस्यों ने कोटद्वार लालबत्ती चौक पर स्थित तीलू रौतेली की मूर्ति को किनारे से हटाकर मुख्य चौराहे पर स्थापित करने के निर्णय के लिए विधानसभा अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया।

वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी

विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने बताया कि कोटद्वार विधायक बनने से पूर्व से ही तीलू रौतेली मंच द्वारा मूर्ति को चौराहे के बीच में स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा था। राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) के नियमों के कारण यह कार्य चुनौतीपूर्ण था, लेकिन मंच द्वारा समस्या संज्ञान में लाए जाने के बाद इसे प्राथमिकता पर लिया गया। उन्होंने कहा कि मुख्य चौराहे पर मूर्ति स्थापित होने से न केवल वीरांगना को उचित सम्मान मिलेगा, बल्कि यह स्थान शहर के लिए आकर्षण का केंद्र भी बनेगा।

सामूहिक प्रयासों से मिली सफलता

विचार मंच की अध्यक्ष बिना रावत ने कहा कि ऋतु खण्डूडी भूषण ने इस विषय पर गंभीरता दिखाते हुए शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की। विधानसभा अध्यक्ष ने इस कार्य में सहयोग के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कोटद्वार मेयर शैलेन्द्र सिंह रावत, पुलिस प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों का भी धन्यवाद किया।

इनकी रही उपस्थिति

मुलाकात के दौरान वीरबाला तीलू रौतेली विचार मंच के सचिव महेंद्र सिंह रावत, उपाध्यक्ष जयवीर रावत और कोषाध्यक्ष अर्जुन रावत सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *