उत्तराखंडदेहरादून

स्वास्थ्य विभाग को मिले सात और विशेषज्ञ चिकित्सक


एनएचएम की ‘यू कोट, वी पे’ योजना के तहत हुआ चयन
चौखुटिया, गैरसैण, बीरोंखाल और डीडीहाट में होगी तैनाती

देहरादून, 07 जनवरी 2026।
चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग को सात और विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध हो गए हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत ‘यू कोट, वी पे’ मॉडल के तहत चयनित इन विशेषज्ञ चिकित्सकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौखुटिया, बीरोंखाल, डीडीहाट और उप जिला चिकित्सालय गैरसैण में तैनाती प्रदान की गई है। इन विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती से संबंधित चिकित्सा इकाइयों में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी और विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी दूर होगी।

प्रदेश सरकार राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। राजकीय चिकित्सा इकाइयों में आम जनता को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की व्यवस्था के साथ-साथ चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ और अन्य सहायक कर्मियों की नियमित तैनाती की जा रही है। साथ ही प्रदेश में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी को चरणबद्ध तरीके से दूर किया जा रहा है।

इसी क्रम में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत ‘यू कोट, वी पे’ मॉडल के तहत कुल सात विशेषज्ञ चिकित्सकों का चयन किया गया है। इनमें एनेस्थेटिस्ट और पीडियाट्रिशियन के दो-दो तथा ऑब्स्टेट्रिक्स एंड गायनीकोलॉजी के तीन विशेषज्ञ चिकित्सक शामिल हैं। विभागीय अनुबंध के तहत चयनित इन चिकित्सकों को विभिन्न जनपदों की चिकित्सा इकाइयों में तैनात कर दिया गया है।

तैनाती विवरण के अनुसार, डॉ. आर. हेमचन्द्रन (एनेस्थेटिस्ट), डॉ. देविका खत्री (ऑब्स्टेट्रिक्स एंड गायनीकोलॉजी) और डॉ. अनंत गुप्ता (पीडियाट्रिशियन) को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौखुटिया, अल्मोड़ा में तैनाती दी गई है।
डॉ. विशाल प्रताप सिंह (एनेस्थेटिस्ट) और डॉ. शिल्पा भानुदास (ऑब्स्टेट्रिक्स एंड गायनीकोलॉजी) को उप जिला अस्पताल गैरसैण, चमोली में तैनात किया गया है।
डॉ. ममता थपलियाल (ऑब्स्टेट्रिक्स एंड गायनीकोलॉजी) को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीरोंखाल, पौड़ी गढ़वाल तथा डॉ. किशन सिंह महर (पीडियाट्रिशियन) को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डीडीहाट, पिथौरागढ़ में तैनाती दी गई है।

विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती से इन अस्पतालों में विशेषज्ञ सेवाएं सुदृढ़ होंगी और मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर एवं समयबद्ध उपचार उपलब्ध हो सकेगा।

बयान

राज्य सरकार प्रदेशभर की चिकित्सा इकाइयों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती के लिए संकल्पबद्ध है। एनएचएम के अंतर्गत ‘यू कोट, वी पे’ योजना के तहत चौखुटिया, बीरोंखाल, गैरसैण और डीडीहाट में सात विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की गई है। इससे आम जनता को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुलभ होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *