उत्तराखंडचमोली

गौचर (चमोली) में राज्य स्तरीय किसान दिवस का भव्य आयोजन

 

गौचर (चमोली) में राज्य स्तरीय किसान दिवस का भव्य आयोजन

केंद्रीय कृषि मंत्री ने उत्तराखंड के लिए की कई बड़ी घोषणाएं, 88 हजार किसानों को मिला फसल बीमा लाभ

गौचर (चमोली)।
किसानों के कल्याण एवं आर्थिक उत्थान को समर्पित राज्य स्तरीय किसान दिवस का आयोजन गौचर (चमोली) में भव्य रूप से किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किसानों को बड़ी सौगातें दीं और कृषि क्षेत्र को मजबूत करने से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

कार्यक्रम के दौरान मौसम आधारित फसल बीमा योजना के तहत प्रदेश के 88 हजार किसानों के खातों में 65 करोड़ 12 लाख रुपये की धनराशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई।

उत्तराखंड को मिली कई बड़ी सौगातें

राज्य स्तरीय किसान दिवस के उद्घाटन अवसर पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उत्तराखंड के लिए कई अहम घोषणाएं कीं—

  • मुक्तेश्वर में 100 करोड़ रुपये की लागत से ‘क्लीन प्लांट सेंटर’ की स्थापना
  • घेरबाड़ योजना के लिए चालू वित्तीय वर्ष में 90 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बजट
  • उत्तराखंड में कीवी के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना
  • पीएमजीएसवाई-4 योजना के तहत 309 बसावटों को जोड़ने के लिए 1228.2 किमी सड़कों के निर्माण हेतु 1706.94 करोड़ रुपये की स्वीकृति

केंद्रीय मंत्री ने पीएमजीएसवाई-4 योजना से संबंधित स्वीकृति पत्र मुख्यमंत्री को सौंपा

कृषि में हो रहे बदलावों की दिखी झलक

 

राज्य स्तरीय किसान दिवस के आयोजन में खेती, बागवानी और कृषि से जुड़े क्षेत्रों में उत्तराखंड में हो रहे अभूतपूर्व बदलावों की जीवंत तस्वीर देखने को मिली। केंद्रीय मंत्री ने कृषि क्षेत्र में राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की खुलकर सराहना की।

केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री ने राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से आए किसानों से संवाद किया और विभागीय व महिला स्वयं सहायता समूहों के स्टालों का निरीक्षण भी किया।

किसानों को मिला सम्मान

कार्यक्रम के दौरान कृषि एवं इससे जुड़े क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को आत्मा योजना के अंतर्गत ‘किसान भूषण पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही रिवर्स पलायन कर कृषि के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले किसानों और समूहों को भी सम्मानित किया गया।

केंद्र और राज्य सरकार किसानों के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध : शिवराज सिंह चौहान

सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार उत्तराखंडवासियों की निरंतर सेवा कर रही हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सराहना करते हुए कहा कि वे महिला और किसानों के सशक्तिकरण के लिए विशेष रूप से प्रयासरत हैं।

उन्होंने उत्तराखंड के माल्टा फल की प्रशंसा करते हुए कहा कि केंद्र सरकार इसे देश-विदेश तक पहुंचाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि सीमित कृषि भूमि के बावजूद उत्तराखंड में कृषि उत्पादन बढ़ रहा है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि खराब पौधों के कारण किसानों को नुकसान न हो, इसके लिए मुक्तेश्वर में क्लीन प्लांट सेंटर स्थापित किया जाएगा, जिससे किसानों को कीवी, सेब, माल्टा और नींबू प्रजाति की गुणवत्तापूर्ण पौध उपलब्ध होगी।

कृषि क्षेत्र में ऐतिहासिक परिवर्तन : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय कृषि मंत्री का स्वागत किया और भारत रत्न चौधरी चरण सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि किसान स्वाभिमान और परिश्रम के प्रतीक हैं तथा उनकी समृद्धि से ही देश की समृद्धि संभव है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, प्राकृतिक खेती और डिजिटल कृषि जैसी योजनाओं से किसानों को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। राज्य के लगभग 9 लाख किसान इन योजनाओं से लाभान्वित हो रहे हैं।

उन्होंने बताया कि—

  • किसानों को 3 लाख रुपये तक ब्याज मुक्त ऋण
  • कृषि उपकरणों पर 80 प्रतिशत तक सब्सिडी
  • नहरों से निःशुल्क सिंचाई
  • पॉलीहाउस निर्माण के लिए 200 करोड़ रुपये का प्रावधान
  • गेहूं पर बोनस और गन्ने के मूल्य में वृद्धि
  • 1000 करोड़ रुपये की क्लाइमेट रिस्पॉन्सिव रेन-फेड फार्मिंग परियोजना

किसान कल्याण के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध : कृषि मंत्री गणेश जोशी

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि किसानों के आर्थिक उत्थान एवं कल्याण के लिए संचालित योजनाओं को सफल बनाने के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक माह के द्वितीय बृहस्पतिवार को किसान दिवस आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में विधायक अनिल नौटियाल, भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्तवाल, नगर पालिका अध्यक्ष गौचर संदीप नेगी, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *