माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन से पांच लोगों की मौत, 14 घायल, सीएम योगी ने जताया शोक
जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही बारिश की वजह से रियासी जिले की त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर जाने वाले रास्ते पर मंगलवार अपराह्न भूस्खलन हुआ जिसकी चपेट में आने से कम से पांच लोगों की मौत हो गई जबकि 14 अन्य घायल हुए हैं. अधिकारियों ने यह जानकारी दी.
इस हादसे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शोक जताया. सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा- जम्मू-कश्मीर के वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर भारी बारिश के कारण भूस्खलन से हुआ दुर्भाग्यपूर्ण हादसा अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है.मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं.माता वैष्णो देवी से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्माओं को सद्गति, शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहने की शक्ति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें.


