उत्तराखंडदेहरादून

देहरादून: एमडीडीए का कड़ा एक्शन, मसूरी रोड और ग्राफिक एरा रोड पर अवैध निर्माण सील

देहरादून | 09 जनवरी, 2026

मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने शहर में अवैध निर्माण और बिना नक्शा पास कराए हो रही व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ अपना अभियान तेज कर दिया है। उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के नेतृत्व में प्राधिकरण की टीमों ने आज मालसी-मसूरी रोड और ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी रोड पर कई अवैध निर्माणों को सील करने की कार्रवाई की।

मसूरी रोड पर इन संपत्तियों पर लगा ताला

मालसी-मसूरी रोड क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एमडीडीए ने नियमों का उल्लंघन करने वालों पर शिकंजा कसा है।

  • आर्यन चौधरी द्वारा किए गए अवैध निर्माण को सील किया गया।

  • संदीप खुराना एवं मनीष खुराना द्वारा बिना स्वीकृति किए जा रहे निर्माण के विरुद्ध भी सीलिंग की कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई संयुक्त सचिव गौरव चटवाल के आदेशानुसार सहायक अभियंता शैलेन्द्र सिंह रावत और अवर अभियंता उमेश वर्मा की मौजूदगी में पुलिस बल के साथ संपन्न हुई।

ग्राफिक एरा रोड पर व्यावसायिक निर्माण सील

प्राधिकरण की दूसरी टीम ने ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी रोड पर यामीन एवं आमीर द्वारा किए जा रहे अवैध व्यावसायिक निर्माण के विरुद्ध सख्त कदम उठाते हुए उसे सील कर दिया। इस दौरान सहायक अभियंता निशान्त कुकरेती, अवर अभियंता जयदीप और नेहा सहित सुपरवाइजर मौजूद रहे।

नियोजित विकास हमारी प्राथमिकता: बंशीधर तिवारी

उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने स्पष्ट किया कि सहस्त्रधारा रोड, मालसी-मसूरी रोड और ग्राफिक एरा रोड जैसे क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा, “नियमों का उल्लंघन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगा। नागरिकों से अपील है कि निर्माण से पूर्व एमडीडीए से नक्शा पास जरूर कराएं, ताकि कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके।”

पारदर्शिता के साथ जारी रहेगा अभियान: मोहन सिंह बर्निया

सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि प्रवर्तन अभियान को भविष्य में और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अवैध निर्माणों के विरुद्ध कार्रवाई पूर्ण पारदर्शिता और नियमों के तहत की जा रही है। तकनीकी टीमों द्वारा निरीक्षण के बाद ही सीलिंग या ध्वस्तीकरण का निर्णय लिया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *