देहरादून: गणेश जोशी ने किया 14 करोड़ की सीवर योजना का शिलान्यास, 13 हजार की आबादी को मिलेगा लाभ
देहरादून | 04 जनवरी, 2026
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने रविवार को मसूरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत नैशविला रोड में पथरियापीर, नीलकंठ विहार, इंदिरा कॉलोनी और चुक्कुवाला क्षेत्र के लिए ₹1390.83 लाख की लागत से बनने वाली सीवर लाइन योजना का विधिवत शिलान्यास किया। इस योजना के शुरू होने से क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान होगा।
स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम
शिलान्यास के अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना से लगभग 13 हजार की आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि बेहतर सीवरेज व्यवस्था न केवल स्वच्छता बढ़ाएगी, बल्कि शहरी क्षेत्रों में जल प्रदूषण को रोकने और पर्यावरण संरक्षण में भी सहायक सिद्ध होगी।
मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और इसे तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए।
नीलकंठ विहार में ट्यूबवेल की घोषणा
क्षेत्रवासियों की समस्याओं को सुनते हुए कैबिनेट मंत्री ने नीलकंठ विहार में पानी की किल्लत दूर करने के लिए नया ट्यूबवेल लगाने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि वह क्षेत्र की जनता के बीच एक मंत्री के रूप में नहीं, बल्कि एक भाई और बेटे के रूप में सेवा के लिए सदैव तत्पर रहते हैं।
सैकड़ों लोगों ने थामा भाजपा का दामन
विकास कार्यों से प्रभावित होकर राजपुर क्षेत्र से पार्षद महिमा पुंडीर और पूर्व प्रधान समीर पुण्डीर के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सभी नए सदस्यों को पटका पहनाकर पार्टी में उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार जिस योजना का शिलान्यास करती है, उसका लोकार्पण भी सुनिश्चित करती है।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख व्यक्तित्व:
इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, प्रदेश मंत्री नेहा जोशी, मंडल अध्यक्ष प्रदीप रावत, राजीव गुरुंग, भावना चौधरी, अंकित जोशी, डॉ. बबीता सहौत्रा, सुरेंद्र राणा, राजकुमार राजोरिया और पार्षद भूपेंद्र कठेत सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
