उत्तराखंडदेहरादून

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्व. हरबंस कपूर को दी श्रद्धांजलि, कहा- “वे सादगी और सेवा के प्रेरणास्रोत थे”

 

देहरादून | 07 जनवरी, 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को गढ़ीकैंट स्थित हरबंस कपूर मेमोरियल सामुदायिक भवन में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष स्व. हरबंस कपूर की 80वीं जयंती के अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने स्व. हरबंस कपूर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके द्वारा किए गए जनहित के कार्यों को याद किया।

आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक: पुष्कर सिंह धामी

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. हरबंस कपूर का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने सदैव समाज और जनता के हितों को सर्वोपरि रखा। मुख्यमंत्री ने उनके साथ बिताए संस्मरण साझा करते हुए कहा कि वे सादगी और संवेदनशीलता के प्रतीक थे। राज्य के विकास और प्रत्येक वर्ग के कल्याण के प्रति उनका सकारात्मक दृष्टिकोण आने वाली पीढ़ियों का मार्गदर्शन करता रहेगा।

आदर्श जननेता और राजनीतिक गुरु: गणेश जोशी

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने स्व. हरबंस कपूर को याद करते हुए उन्हें एक आदर्श जननेता बताया। उन्होंने कहा कि स्व. कपूर उनके राजनीतिक गुरु थे और आज वे जिस भी मुकाम पर हैं, उसमें कपूर साहब का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि कपूर साहब ने अपना प्रत्येक क्षण जनसेवा को समर्पित किया और उनके कार्य सदैव अनुकरणीय रहेंगे।

स्व. हरबंस कपूर लगातार आठ बार विधायक रहे और उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष के रूप में भी अपनी अमूल्य सेवाएं दीं। विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के कारण उन्हें आज भी प्रदेश के प्रमुख स्तंभों में गिना जाता है।

कार्यक्रम में उपस्थिति:

इस अवसर पर विधायक सविता कपूर, दायित्वधारी श्याम अग्रवाल और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *