उत्तराखंडदेहरादून

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरांचल प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी को दिलाई शपथ, पत्रकारों के लिए की बड़ी घोषणाएं

देहरादून | 09 जनवरी, 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को परेड मैदान स्थित उत्तरांचल प्रेस क्लब में नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पत्रकारों के कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं और लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की मजबूती पर जोर दिया।

प्रेस क्लब भवन को कैबिनेट की मंजूरी, बनेगा ‘मॉडल भवन’

मुख्यमंत्री ने एक बड़ी जानकारी साझा करते हुए बताया कि उत्तरांचल प्रेस क्लब के भवन निर्माण के मुद्दे को उन्होंने स्वयं कैबिनेट में रखा, जिसे मंजूरी मिल गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही यह भवन एक मॉडल भवन के रूप में तैयार होगा। इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री ने पत्रकार कल्याण कोष के बजट को 5 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये करने की जानकारी भी दी।

2026-27 के बजट में मीडिया सेंटरों के लिए विशेष प्रावधान

पत्रकारों को आधुनिक सुविधाएं देने के संकल्प को दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के मीडिया सेंटरों के आधुनिकीकरण और प्रेस क्लबों के सशक्तिकरण पर तेजी से काम हो रहा है। उन्होंने घोषणा की कि आगामी बजट (2026-27) में मीडिया सेंटरों के विकास के लिए विशेष प्रावधान किए जाएंगे, जिससे अन्य जिलों के पत्रकारों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

फेक न्यूज़ के दौर में निष्पक्षता जरूरी

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि डिजिटल युग में सोशल मीडिया के माध्यम से फैल रही भ्रामक सूचनाओं और फेक न्यूज़ को रोकना बड़ी चुनौती है। ऐसे में पत्रकारों की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है। सही तथ्यों के साथ निष्पक्ष रिपोर्टिंग ही समाज को सही दिशा दे सकती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों की सुरक्षा, स्वास्थ्य बीमा और पेंशन जैसी योजनाओं के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है।

इन पदाधिकारियों ने ली शपथ

मुख्यमंत्री ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के निम्नलिखित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई:

  • अध्यक्ष: अजय सिंह राणा

  • वरिष्ठ उपाध्यक्ष: गजेन्द्र सिंह नेगी

  • कनिष्ठ उपाध्यक्ष: सोबन सिंह गुसाई

  • महामंत्री: योगेश सेमवाल

  • संयुक्त मंत्री: शिवेश शर्मा और मीना नेगी

  • कोषाध्यक्ष: मनीष डंगवाल

  • सम्प्रेक्षक: विजय जोशी

  • कार्यकारिणी सदस्य: वीरेन्द्र डंगवाल ‘पार्थ’, मनमोहन लखेड़ा, रश्मि खत्री, सुलोचना पयाल, मनोज सिंह जयाड़ा, हरीश थपलियाल, मनबर सिंह रावत, ओम प्रकाश जोशी और हिमांशु जोशी।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष अजय सिंह राणा ने प्रेस क्लब भवन निर्माण के निर्णय के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में उपस्थिति: इस अवसर पर विधायक खजान दास, मेयर सौरभ थपलियाल, दायित्वधारी डॉ. देवेंद्र भसीन, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी सहित बड़ी संख्या में पत्रकार और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *