उत्तराखंडदेहरादून

देहरादून: पेंशनर्स संगठन के महाधिवेशन में पहुंचे कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सेवानिवृत्त कर्मचारियों की मांगों पर दिया आश्वासन

 

देहरादून | 05 जनवरी, 2026

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सोमवार को देहरादून के धर्मपुर स्थित एक निजी होटल में आयोजित सेवानिवृत्त राजकीय पेंशनर्स संगठन के छठे प्रान्तीय त्रैवार्षिक महाधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और संगठन के वरिष्ठ सदस्यों को सम्मानित भी किया।

अनुभव की पूंजी से सशक्त बनता है समाज: गणेश जोशी

महाधिवेशन को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि यह गर्व का विषय है कि संगठन अपने अस्तित्व के 60 गौरवशाली वर्ष (हीरक जयंती वर्ष) पूरे कर रहा है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों का अनुभव राज्य की अमूल्य निधि है और उत्तराखंड राज्य निर्माण में भी उनकी अहम भूमिका रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सेवानिवृत्ति केवल सेवा का अंत नहीं, बल्कि समाज के प्रति नई जिम्मेदारियों की शुरुआत है।

पेंशनर्स ने सौंपा 14 सूत्रीय मांग पत्र

कार्यक्रम के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने कैबिनेट मंत्री को अपनी समस्याओं से अवगत कराया और एक 14 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। प्रमुख मांगों में शामिल हैं:

गोल्डन कार्ड और आयुष्मान योजना: कैशलेस चिकित्सा सुविधा की विसंगतियों को दूर कर इसे सरल बनाना।

पेंशनर प्राथमिकता: सरकारी कार्यालयों में पेंशनरों के कार्यों को प्राथमिकता देना।

प्रशासनिक अनुभव का लाभ: नीति निर्धारण में सेवानिवृत्त अधिकारियों के अनुभव का उपयोग करना।

बढ़ती महंगाई: महंगाई के अनुरूप पेंशनरों के हितों की रक्षा करना।

मुख्यमंत्री तक पहुंचाई जाएगी मांग

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने संगठन को आश्वस्त किया कि उनकी सभी वाजिब मांगों को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पेंशनर्स की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी गंभीरता से प्रयास करेगी।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद:

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह कृषाली, प्रदेश संरक्षक आर.एस.परिहार, प्रदेश कोषाध्यक्ष एम.एस.गुसाईं, उपाध्यक्ष कुसुमलता शर्मा, के.डी.शर्मा, गुलशन कुमार, सरदार रोशन सिंह, चंद्र प्रकाश, प्रदेश सचिव जगदीश प्रसाद रतूड़ी, मोहन सिंह रावत और हृदयराम सहित अनेक पेंशनर उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *