उत्तराखंडदेहरादून

हाईवे और शहरी क्षेत्रों में आवारा पशुओं पर नियंत्रण, कांजीहाउस व्यवस्था के निर्देश

 

देहरादून, 08 जनवरी 2026
मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने गुरुवार को सचिवालय में उच्चतम न्यायालय द्वारा आवारा पशुओं के संबंध में दिए गए निर्देशों के अनुपालन को लेकर संबंधित विभागों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने सार्वजनिक एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों से आवारा कुत्तों और गौवंश को हटाने के लिए न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने सभी संबंधित विभागों को क्षेत्रवार नोडल अधिकारी तैनात करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से देहरादून, हरिद्वार, रुद्रपुर और काशीपुर जैसे बड़े शहरों में आवारा कुत्तों के संबंध में न्यायालय के निर्देशों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्गों पर आवारा कुत्तों और गौवंश के कारण उत्पन्न समस्याओं पर की गई कार्रवाई की जानकारी ली। साथ ही क्रिटिकल स्थलों को चिन्हित कर प्राथमिकता के आधार पर प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने आवारा गौवंश के लिए कांजीहाउस तैयार करने और उनके संचालन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

मुख्य सचिव ने सचिव परिवहन को निर्देशित किया कि सभी बस स्टेशनों, रेलवे स्टेशनों एवं उनके आसपास आवारा पशुओं और गौवंश के संबंध में स्थानीय निकायों के सहयोग से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने स्थानीय लोगों को इन पशुओं को गोद लेने के लिए प्रेरित करने हेतु जागरूकता कार्यक्रम संचालित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पालतू पशु पालने वालों के लिए ‘क्या करें और क्या न करें’ से संबंधित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार करने को कहा।

बैठक में सचिव नितेश कुमार झा, डॉ. आर. राजेश कुमार, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, अपर सचिव विनीत कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *