दिल्ली में कांग्रेस का प्रदर्शन, अमित शाह के बयान पर खरगे का पलटवार
‘वोट चोरी’ के आरोप पर कांग्रेस का दिल्ली में प्रदर्शन, खरगे बोले– देश में चल रही है चोरी की सरकार
नई दिल्ली। कांग्रेस रविवार को दिल्ली में कथित “वोट चोरी” के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है। इस प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता को यह बताना चाहती है कि आज देश में “चोरी की सरकार” सत्ता में है।
मल्लिकार्जुन खरगे ने लोकसभा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सदन में बयान देना अलग बात है, लेकिन गृह मंत्री ने विपक्ष द्वारा पूछे गए सवालों का सीधा जवाब नहीं दिया। खरगे ने आरोप लगाया कि अमित शाह ने सदन को गलत जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पूछा था कि वोट किस तरह और कैसे चुराए गए, जिसके समर्थन में पार्टी ने सबूत भी पेश किए, लेकिन सरकार ने इन सवालों से बचने की कोशिश की।
दिल्ली में आयोजित रैली को लेकर पूर्व कांग्रेस सांसद पीएल पुनिया ने भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने महाराष्ट्र और हरियाणा के चुनावों को लेकर विस्तृत रिसर्च करवाई है। इस रिसर्च के आधार पर सामने आया है कि दोनों राज्यों में चुनावी रणनीति के तहत हेरफेर की गई।
पीएल पुनिया ने दावा किया कि मतदाता सूची से वोट काटे गए और फर्जी मतदाताओं के जरिए मतदान कराया गया। उन्होंने कहा कि इन आरोपों के पर्याप्त सबूत मौजूद हैं, लेकिन मुख्य चुनाव आयुक्त इस पर चर्चा करने को तैयार नहीं हैं।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि ‘वोट चोरी’ के खिलाफ यह आंदोलन आगे भी जारी रहेगा और पार्टी लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़क से संसद तक अपनी आवाज उठाती रहेगी। वहीं, सत्तारूढ़ दल की ओर से इन आरोपों को पहले ही बेबुनियाद बताया जा चुका है।
