उत्तराखंडउधमसिंह नगर

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गदरपुर में राजा जगतदेव की प्रतिमा का किया अनावरण

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गदरपुर में बुक्सा जनजाति के राजा जगतदेव की प्रतिमा का वर्चुअल अनावरण किया

उधमसिंह नगर | गदरपुर

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को उधमसिंह नगर जिले के गदरपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत रोशनपुर डलबाबा में बुक्सा जनजाति समाज के राजा जगतदेव की प्रतिमा का वर्चुअल अनावरण किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राजा जगतदेव का जीवन त्याग, वीरता, धर्मनिष्ठा और संस्कृति संरक्षण का अद्वितीय उदाहरण है। यह कार्यक्रम केवल प्रतिमा अनावरण का नहीं, बल्कि बुक्सा जनजाति की गौरवशाली परंपरा, संस्कृति और बलिदान को नमन करने का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजा जगतदेव ने कठिन परिस्थितियों में भी धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित किया। उनका जीवन स्वाभिमान, आस्था और साहस की अमिट मिसाल है, जिससे आने वाली पीढ़ियां प्रेरणा ले सकती हैं।

बुक्सा समाज की संस्कृति संरक्षण के लिए सरकार प्रतिबद्ध

मुख्यमंत्री ने कहा कि उधमसिंह नगर, नैनीताल, कोटद्वार सहित प्रदेश के अनेक क्षेत्रों में बसे बुक्सा समाज के लोग आज भी अपनी संस्कृति, परंपरा और आत्मसम्मान को जीवंत बनाए हुए हैं। राज्य सरकार जनजातीय समुदायों के सांस्कृतिक संरक्षण, इतिहास के दस्तावेजीकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और रोजगार से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है।

उन्होंने कहा कि राजा जगतदेव की गौरवगाथा पर शोध कार्य होने चाहिए, ताकि उनका योगदान व्यवस्थित रूप से इतिहास में दर्ज हो और युवा पीढ़ी उनसे प्रेरणा प्राप्त कर सके।

क्षेत्रीय विकास के लिए तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर क्षेत्रीय विकास से जुड़ी तीन घोषणाएं भी कीं—

ग्राम सभा रोशनपुर स्थित डलबाबा मंदिर परिसर में चाहरदीवारी, टीनशेड, फर्श और शौचालय का निर्माण कराया जाएगा।

ग्राम बलरामनगर से खेमपुर तक 3 किलोमीटर सड़क का पुनर्निर्माण किया जाएगा।

ग्राम सीतापुर से एएनके इंटर कॉलेज तक 4 किलोमीटर सड़क का पुनर्निर्माण कराया जाएगा।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख ज्योति ग्रोवर, नगर पंचायत अध्यक्ष सतीश चुघ, दर्जामंत्री मंजीत सिंह राजू, जिलाधिकारी उधमसिंह नगर नितिन भदौरिया तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *