मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खैरीमान सिंह में जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार शिविर का निरीक्षण किया
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खैरीमान सिंह में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ शिविर का निरीक्षण किया

देहरादून | रायपुर ब्लॉक
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को देहरादून जिले के रायपुर ब्लॉक अंतर्गत खैरीमान सिंह में आयोजित न्याय पंचायत स्तरीय शिविर का निरीक्षण किया। यह शिविर ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत आयोजित किया गया था, जिसका उद्देश्य ग्रामीणों के द्वार तक प्रशासन को पहुंचाकर जन-समस्याओं का समाधान करना और सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करना है।

मुख्यमंत्री ने ‘प्रशासन गांव की ओर’ कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित बहुद्देश्यीय शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की जमीनी स्तर पर पड़ताल की। उन्होंने जन-समस्याओं के निस्तारण की स्थिति की जानकारी ली और अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर मौके पर मौजूद ग्रामीणों से फीडबैक भी प्राप्त किया।
विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण, 102 लाभार्थियों को सहायक उपकरण
मुख्यमंत्री ने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और यह परखा कि किस प्रकार सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं से ग्रामीणों को मौके पर ही लाभान्वित किया जा रहा है। इस अवसर पर 102 दिव्यांगों एवं वृद्धजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए।
जन-समस्याओं के त्वरित और पारदर्शी समाधान के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन-समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान का मूल उद्देश्य अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं और सेवाओं की प्रभावी पहुंच बनाना है। इसके लिए अभियान को पूरी संवेदनशीलता, जिम्मेदारी और प्रभावशीलता के साथ संचालित करना आवश्यक है।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर विधायक उमेश शर्मा, ब्लॉक प्रमुख सरोजिनी जवाड़ी, जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान सहित मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, उपजिलाधिकारी हरि गिरि, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
