फिक्की एफएलओ सम्मेलन 2026 में शामिल हुए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी
फिक्की एफएलओ सम्मेलन 2026 में शामिल हुए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी
महिला नेतृत्व आधारित विकास से आत्मनिर्भर भारत की नींव मजबूत होती है: गणेश जोशी
देहरादून, 07 जनवरी।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी सभागार में फिक्की एफएलओ (FICCI FLO) द्वारा आयोजित फिक्की एफएलओ सम्मेलन 2026 में प्रतिभाग किया। दो दिवसीय इस सम्मेलन की थीम “सशक्त बनाने की शक्ति” रखी गई है, जिसका उद्देश्य महिलाओं को डिजिटल सशक्तिकरण, उद्यमिता विकास, सरकारी सहभागिता और सतत आजीविका के अवसरों से जोड़ना है।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि महिला नेतृत्व वाला विकास केवल एक अवधारणा नहीं, बल्कि भारत और विशेष रूप से उत्तराखंड की ग्रामीण एवं कृषि आधारित अर्थव्यवस्था के भविष्य की दिशा तय करने वाला मजबूत आधार है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के आजीविका संवर्धन और सशक्तिकरण की दिशा में निरंतर प्रयास कर रही है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं आज तेजी से आत्मनिर्भर बन रही हैं।

मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि उत्तराखंड की महिलाएं उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं, स्वयं सहायता समूहों का संचालन कर रही हैं, एफपीओ और सहकारिताओं का नेतृत्व कर रही हैं तथा “लोकल को ग्लोबल” बनाने में अहम भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं अब आत्मनिर्भर ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ बन चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि लखपति दीदी अभियान के माध्यम से महिलाएं न केवल अपनी आय में वृद्धि कर रही हैं, बल्कि अपने परिवार और बच्चों के भविष्य को भी सुरक्षित दिशा दे रही हैं। जैविक खेती, मिलेट्स उत्पादन, मशरूम उत्पादन, मधुमक्खी पालन, डेयरी और एग्री-प्रोसेसिंग जैसे क्षेत्रों में महिलाएं नेतृत्व की भूमिका निभा रही हैं। यह प्रयास केवल आजीविका सृजन तक सीमित नहीं है, बल्कि आत्मसम्मान, निर्णय क्षमता और सामाजिक सशक्तिकरण का भी प्रतीक है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि जब महिला सशक्त होती है, तो परिवार सशक्त होता है; परिवार सशक्त होता है तो गांव सशक्त होता है और जब गांव सशक्त होता है, तब भारत आत्मनिर्भर बनता है। उन्होंने इस परिवर्तनकारी यात्रा में फिक्की एफएलओ जैसी संस्थाओं की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया और इस सार्थक पहल के लिए संस्था के पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए सम्मेलन की सफलता की कामना की।
कार्यक्रम में फिक्की एफएलओ की चेयरपर्सन गीता खन्ना, अंकित कौर, जूही खन्ना, करिश्मा डिंगरा, रमा, नेहा शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

