डोभालवाला में स्व. श्याम दत्त जोशी स्मृति बास्केटबॉल टुर्नामेंट में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी
स्व. श्याम दत्त जोशी अंतर विद्यालयी बास्केटबॉल टुर्नामेंट एवं पुस्तक मेला कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी का सहभाग
डोभालवाला में 15.67 लाख रुपये की लागत से बास्केटबॉल कोर्ट, पोल एवं विद्यालय पुस्तकालय का लोकार्पण
देहरादून
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कैप्टन प्रतीक आचार्य राजकीय इंटर कॉलेज, डोभालवाला में अपने पिता स्व. श्याम दत्त जोशी की स्मृति में आयोजित स्व. श्याम दत्त जोशी अंतर विद्यालयी बास्केटबॉल टुर्नामेंट–2025 एवं पुस्तक मेला कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने विधायक निधि वर्ष 2025–26 से स्वीकृत अमर शहीद कैप्टन प्रतीक आचार्य राजकीय इंटर कॉलेज, डोभालवाला में बास्केटबॉल कोर्ट, बास्केटबॉल पोल तथा विद्यालय में पुस्तकालय की स्थापना के कार्यों का 15.67 लाख रुपये की लागत से विधिवत लोकार्पण किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने अपने पिता स्व. श्याम दत्त जोशी को स्मरण करते हुए कहा कि आज वे जिस भी मुकाम पर हैं, वह उनके पिता की प्रेरणा और आशीर्वाद का परिणाम है। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय परिसर में कैप्टन प्रतीक आचार्य की प्रतिमा स्थापना तथा नए विद्यालय कक्ष के निर्माण की भी घोषणा की।
मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के साथ-साथ खेलों के विकास को भी समान प्राथमिकता दे रही है। विद्यालयों में बेहतर खेल सुविधाएं विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करती हैं, जो उनके सर्वांगीण व्यक्तित्व निर्माण में सहायक सिद्ध होती हैं।
उन्होंने कहा कि पुस्तकालय किसी भी शैक्षणिक संस्थान की आत्मा होता है और पुस्तक व्यक्ति की सबसे अच्छी मित्र होती है। पुस्तकालय की स्थापना से विद्यार्थियों को ज्ञानवर्धन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी तथा नियमित अध्ययन की आदत विकसित करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों को पुस्तकालय के अधिकतम उपयोग के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया। साथ ही कहा कि यह पुस्तकालय आसपास के क्षेत्र के लोगों के लिए भी उपयोगी सिद्ध होगा।
