कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और मुख्यमंत्री धामी ने दी हरबंस कपूर को श्रद्धांजलि
गढ़ी कैंट स्थित हरबंस कपूर मेमोरियल कम्युनिटी हॉल में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया हरबंस कपूर की प्रतिमा का अनावरण
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी कार्यक्रम में हुए शामिल, हरबंस कपूर की जयंती पर दी श्रद्धांजलि

देहरादून, 07 जनवरी।
वरिष्ठ भाजपा नेता एवं उत्तराखंड विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय हरबंस कपूर की 80वीं जयंती के अवसर पर गढ़ी कैंट स्थित हरबंस कपूर मेमोरियल कम्युनिटी हॉल में उनकी प्रतिमा का अनावरण किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने प्रतिमा का अनावरण कर पुष्पांजलि अर्पित की और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय हरबंस कपूर के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए कहा कि हरबंस कपूर का जीवन जनसेवा, सादगी और कर्तव्यनिष्ठा का प्रेरणादायक उदाहरण है। उनकी कार्यशैली और विचारधारा आने वाली पीढ़ियों को निरंतर मार्गदर्शन देती रहेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरबंस कपूर ने अपने पूरे जीवन में समाज और जनता के हितों को सर्वोपरि रखा। राज्य के विकास में उनके योगदान को हमेशा स्मरण किया जाएगा। उन्होंने हरबंस कपूर के साथ बिताए पलों को साझा करते हुए कहा कि वे संवेदनशीलता और सकारात्मक सोच के प्रतीक थे। उन्होंने प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए समर्पित भाव से कार्य किया और विकास से जुड़े हर विषय पर दूरदर्शी दृष्टिकोण अपनाया।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि हरबंस कपूर एक आदर्श जननेता थे, जिन्होंने अपने जीवन का प्रत्येक क्षण जनसेवा को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि हरबंस कपूर उनके राजनीतिक गुरु थे और उनके मार्गदर्शन का उनके जीवन पर गहरा प्रभाव रहा है। उन्होंने कहा कि हरबंस कपूर केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचारधारा थे, जिनका योगदान राज्य के विकास में सदैव अनुकरणीय रहेगा। उनके आदर्श और सिद्धांत आने वाली पीढ़ियों को जनसेवा के लिए प्रेरित करते रहेंगे।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि स्वर्गीय हरबंस कपूर की स्मृति में 12 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित यह भव्य सामुदायिक भवन उनकी लोकप्रियता, जनस्वीकृति और जनसेवा के प्रति समर्पण का जीवंत प्रतीक है।
कार्यक्रम में कैंट विधायक सविता कपूर, दायित्वधारी श्याम अग्रवाल, राज्यमंत्री भगवत प्रसाद मकवाना, भाजपा प्रदेश मंत्री नेहा जोशी, पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
