उत्तराखंड

बीएसएफ जवानों से भरी बस जंगल में पेड़ से टकराई, 8 घायल, मतदान केंद्र से लौटने के दौरान हुआ हादसा

धरमजयगढ़ के छुही पहाड़ में मतदान केंद्र का निरीक्षण कर लौट रहे बीएसएफ जवानों की बस कमोसिनडांड़ के पास अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई। हादसे के दौरान बस में 17 जवान सवार थे, जिनमें से 8 जवान घायल हुए हैं, जबकि 2 को गंभीर चोट आई है। सभी घायल जवानों का उपचार सिविल अस्पताल धरमजयगढ़ में चल रहा है। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के चुनाव के लिए एक बार फिर कड़ी सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। बाहर से आए फोर्स की भी ड्यूटी मतदान केंद्रों में लगा दी गई है। इसी दौरान शुक्रवार की सुबह रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ इलाके में मतदान केंद्र से लौट रहे बीएसएफ जवानों से भरी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
इस संबंध में धरमजयगढ़ के एसडीएम डिगेश पटेल ने बताया कि बीएसएफ के 17 जवान बस में सवार होकर मतदान केंद्रों का मुआयना करने निकले थे। वे धरमजयगढ़ के सुदूर पहाड़ी इलाके में स्थित छूही पहाड़ के मतदान केंद्र का निरीक्षण कर लौट रहे थे।
वापसी के समय बस अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इससे बस में बैठे 8 जवानों को चोट आई हैं। इसमें 2 जवानों को थोड़ी अधिक चोट आई है। शेष जवान मामूली रूप से घायल हुए।

अस्पताल में चल रहा इलाज

घायल जवानों का सिविल अस्पताल धरमजयगढ़ में उपचार चल रहा है। सभी जवानों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। अधिकारियों ने भी इस खबर से राहत की सांस ली है कि कोई बड़ी घटना नहीं हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *