उत्तराखंड

भाजपा का कांग्रेस पर आरोप, कांवड़ यात्रा और आपदा सीजन में राजनैतिक यात्रा पर उठाए सवाल

 

भाजपा ने कांवड़ यात्रा और आपदा सीजन के दौरान कांग्रेस की राजनैतिक यात्रा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। पार्टी के विधायक श्री किशोर उपाध्याय ने कहा कि टिहरी समेत कई स्थानों पर प्रदेश आपदा का सामना कर रहा है, लेकिन कांग्रेस के नेताओं को अपनी यात्रा से फुर्सत नहीं है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेसियों की यात्रा श्री केदारनाथ धाम की प्रतिष्ठा बचाने के लिए नहीं, बल्कि अपनी खुद की प्रतिष्ठा बचाने के लिए है।

 

टिहरी विधायक ने पार्टी मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि बूढ़ा केदार, उत्तरकाशी, यमुनोत्री, चमोली आदि स्थानों पर स्थानीय लोगों के साथ शासन-प्रशासन आपदा का मजबूती से सामना कर रहा है। लेकिन कांग्रेस पार्टी के नेता अपनी राजनैतिक यात्रा में मग्न हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के बड़े नेता और विशेषकर प्रदेश अध्यक्ष ने एक भी दिन आपदा प्रभावितों का दुख-दर्द जानने की फुर्सत नहीं मिली। इससे पूर्व भी जब उन्होंने हरिद्वार से यात्रा की शुरुआत की थी, तब वहां कांवड़ यात्रा चरम पर थी और ऐसी राजनैतिक यात्रा किसी भी बड़ी समस्या का कारण बन सकती थी।

किशोर उपाध्याय ने चिंता जताई कि यदि आपदा के दौरान कांग्रेस की यात्रा में कोई दुर्घटना हो जाती है तो कौन जिम्मेदार होगा? उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को जनहित और राज्यहित में अपनी यात्रा स्थगित करनी चाहिए थी। आपदा और मानसून सीजन की प्रतिकूल परिस्थितियों को समझते हुए उन्हें यह कदम उठाना चाहिए था।

 

किशोर उपाध्याय ने कटाक्ष करते हुए कहा कि भगवान भोलेनाथ केदार धाम में स्वयंभू विराजमान हैं और कोई भी ताकत उनकी महिमा को कम नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि धामी सरकार ने सभी मंदिरों के नाम पर ट्रस्ट या समिति बनाने पर रोक लगा दी है। ऐसे में कांग्रेस नेताओं का श्री केदारनाथ धाम की प्रतिष्ठा बचाने के लिए यात्रा चलाना हास्यास्पद है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा बाबा के धाम की प्रतिष्ठा बचाने की नहीं बल्कि अपनी खुद की राजनैतिक प्रतिष्ठा बचाने की यात्रा है।

 

किशोर उपाध्याय ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि जो देश-दुनिया में सनातन को समाप्त करने की बातें करते हैं, उनका देवभूमि में श्री केदार धाम को बचाने की बात करना पूरी तरह ढकोसला है। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस को इतनी ही चिंता है तो उन्हें कर्नाटक सरकार द्वारा रामनगर जिले का नाम परिवर्तित करने की आलोचना करनी चाहिए। लेकिन वे ऐसा नहीं करेंगे क्योंकि सनातन का विरोध करना उनकी असलियत है।

किशोर उपाध्याय ने कांग्रेस विधायकों और नेताओं पर आरोप लगाते हुए कहा कि ये लोग मुख्यमंत्री धामी से अंधेरे में अपने कामों के लिए मिलते हैं और बाहर आकर राजनैतिक विरोध करते हैं। उन्होंने कांग्रेस की केदारनाथ प्रतिष्ठा बचाओ यात्रा को ढकोसला बताते हुए कहा कि यह कांग्रेस की कुर्सी बचाने और खींचने की यात्रा है।

 

भाजपा नेता श्री जोत सिंह बिष्ट ने कांग्रेस के केदारनाथ में भ्रष्टाचार के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि जो लोग झूठे सवाल पूछकर भ्रम और अफवाह फैलाने का षड्यंत्र रच रहे हैं, वही लोग केदार आपदा के करोड़ों रुपए से फिल्म बनाकर अपना प्रचार करते रहे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता हिटो केदार के नाम पर जनता की गाढ़ी कमाई लुटाते रहे।

 

भाजपा नेता श्री जोत सिंह बिष्ट ने कहा कि यह यात्रा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष माहरा अपनी कुर्सी बचाने के लिए निकाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि हार के कारण जानने पहुंचे श्री के एल पूनिया के सामने बाकी सभी कांग्रेस नेताओं ने लोकसभा चुनाव में हार का ठीकरा उनपर फोड़ दिया है। यही वजह है कि उनकी पार्टी के सभी बड़े नेता यात्रा से अब तक नदारद रहे हैं और अब अंतिम समय में शामिल होने की औपचारिकता पूरी कर रहे हैं।

पत्रकार वार्ता के दौरान प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री मनवीर सिंह चौहान, डॉ. आर पी रतूड़ी, श्रीमती कमलेश रमन, श्रीमती सुनीता विद्यार्थी बौड़ाई, राजेंद्र नेगी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *