खटीमा पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर धामी, सुनीं जनसमस्याएं; अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश।
खटीमा,उधम सिंह नगर।
सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत मंगलवार की शाम को खटीमा पहुंचे। खटीमा के लोहियाहेड हेलीपैड पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने जनता और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा विभिन्न जनसमस्याओं को गंभीरता से सुना।मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है। अधिकारियों को निर्देशित किया कि लोगों की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए किसी भी व्यक्ति को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों से जनहित के मामलों में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करने को कहा।
मुख्यमंत्री के खटीमा पहुंचने के दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, दर्जा राज्य मंत्री किशन सिंह किन्ना, गंभीर सिंह धामी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, वीसी जय किशन, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी, डीएफओ यूसी तिवारी, उप जिलाधिकारी तुषार सैनी सहित अनेक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
