हल्द्वानी शुद्धिकरण विवाद पर कांग्रेस का राजधानी में हल्लाबोल, सीएम आवास कूच में पुलिस से तीखी नोकझोंक
देहरादून
हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद हुए शुद्धिकरण को लेकर शुरू हुआ सियासी संग्राम अब देहरादून की सड़कों तक पहुंच गया है। कांग्रेस ने इस मुद्दे के साथ भाजपा सरकार की नीतियों, लोकतांत्रिक मूल्यों के हनन और राहुल गांधी पर दर्ज एफआईआर को लेकर मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री आवास कूच किया। लेकिन हाथीबड़कला चौकी के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली।
हल्द्वानी के रामलीला मैदान से शुरू हुआ विवाद अब राजधानी देहरादून में सियासी शक्ति प्रदर्शन में बदल गया है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद रामलीला मैदान के शुद्धिकरण को लेकर कांग्रेस लगातार भाजपा पर हमलावर है। इसी कड़ी में सोमवार को कांग्रेस ने मुख्यमंत्री आवास घेराव का ऐलान किया। परेड ग्राउंड में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता जुटे और इसके बाद मुख्यमंत्री आवास के लिए कूच किया। हाथों में पार्टी के झंडे और सरकार विरोधी नारे लगाते हुए कार्यकर्ता आगे बढ़े, लेकिन हाथीबड़कला चौकी के समीप पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। बैरिकेडिंग पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई। कार्यकर्ता बैरिकेड पार करने की कोशिश करते नजर आए तो पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान भाजपा और धामी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
कांग्रेस का आरोप है कि हल्द्वानी की घटना उत्तराखंड की सामाजिक सद्भाव और लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है। पार्टी ने भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर भी सरकार को घेरा।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने साफ कहा कि पार्टी का संघर्ष मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा। कांग्रेस की प्रमुख मांगों में मल्लिकार्जुन खड़गे के कथित अपमान के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट पर कार्रवाई और राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को निरस्त करना शामिल है।
कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने भी धामी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं का मुख्यमंत्री आवास पहुंचना बताता है कि सरकार के खिलाफ लोगों में आक्रोश है। शैलजा ने आरोप लगाया कि सरकार धर्म और जाति के नाम पर उत्तराखंड के सद्भाव को बिगाड़ने और लोगों को बांटने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि खड़गे के साथ हुई घटना और राहुल गांधी पर दर्ज एफआईआर को उत्तराखंड की जनता स्वीकार नहीं करेगी।
