उत्तराखंडदेहरादून

अग्निकांड के बाद घायलों से मिलने कैलाश अस्पताल पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल

पैनेसिया हॉस्पिटल अग्निकांड के बाद स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने जाना मरीजों एवं घायल पुलिसकर्मियों का हाल

स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने आज पैनेसिया हॉस्पिटल में आग लगने की दुखद घटना के उपरांत अस्पताल में भर्ती मरीजों को सुरक्षित रूप से कैलाश हॉस्पिटल, जोगीवाला शिफ्ट किए जाने के बाद अस्पताल पहुंचकर मरीजों एवं घायल पुलिसकर्मियों का कुशलक्षेम जाना।

उन्होंने चिकित्सकों से उपचाररत मरीजों के स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए सभी के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में पुलिस, प्रशासन, फायर सर्विस एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा तत्परता एवं साहस के साथ किया गया राहत एवं बचाव कार्य सराहनीय है।

उन्होंने राहत एवं बचाव अभियान के दौरान घायल हुए पुलिसकर्मियों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावितों के साथ खड़ी है।

पैनेसिया हॉस्पिटल अग्निकांड पर सरकार सख्त, दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई : सुबोध उनियाल

स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने देहरादून स्थित पैनेसिया हॉस्पिटल में आग लगने की घटना को अत्यंत दुःखद एवं चिंताजनक बताया है।

घटना से प्रभावित लोगों से भेंट करने के उपरांत स्वास्थ्य मंत्री ने पैनेसिया हॉस्पिटल पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों से घटना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

मंत्री ने कहा कि घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए गए हैं तथा जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रभावित मरीजों को बेहतर उपचार एवं हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही प्रशासन द्वारा पूरे मामले की सतत निगरानी रखी जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *