धामी सरकार के चार साल: हल्द्वानी में राजनाथ सिंह ने जनसभा को किया संबोधित
हल्द्वानी: उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी की सरकार 23 मार्च को अपने चार साल पूरे करने जा रही है. हल्द्वानी में धामी सरकार के चार साल पूरे होने पर आज भव्य कार्यक्रम आयोजित हुआ. केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में इस कार्यक्रम में शामिल हुए. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुटी. इसके लिए प्रशासन और संगठन ने व्यापक तैयारियां की थी. पंतनगर एयरपोर्ट पर सीएम धामी ने राजनाथ सिंह का स्वागत किया. यहां से राजनाथ सिंह कार्यक्रम स्थल पहुंचे. राजनाथ सिंह ने करीब 25 हजार लोगों की जनसभा को संबोधित किया.

हल्द्वानी में राजनाथ सिंह की जनसभा: हल्द्वानी में आज धामी सरकार के चार साल पूरे होने के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया. इसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करने पहुंचे. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राजनाथ सिंह साढ़े 12 बजे के बाद कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे. राज्य के वक्ताओं के बाद उन्होंने जनसभा को संबोधित किया.
जनसभा में 25 हजार लोगों के पहुंचने का दावा: इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए बीजेपी संगठन और जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई थी. जनपद नैनीताल सहित आसपास के जिलों से कार्यकर्ताओं और लोगों को कार्यक्रम स्थल तक लाने के लिए करीब 200 से अधिक बसों की व्यवस्था की गई. कार्यक्रम स्थल पर लोगों के बैठने के लिए 10 हजार से अधिक कुर्सियां लगाई गई, जबकि पार्टी संगठन ने दावा किया है कि कार्यक्रम में करीब 25 हजार लोग पहुंचे.

