लखनऊ में ‘मुन्ना भाई’ का जलवा: 22 फरवरी को सरोजनीनगर आएंगे संजय दत्त, ‘नेट जीरो’ अभियान का करेंगे आगाज
लखनऊ | 18 फरवरी, 2026
राजधानी लखनऊ का सरोजनीनगर इलाका आगामी 22 फरवरी को एक बड़े बदलाव का गवाह बनने जा रहा है। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता संजय दत्त सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में ‘पर्यावरण संरक्षण’ और ‘लोकतांत्रिक जागरूकता’ का संदेश देने पहुंच रहे हैं। विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह की पहल पर शुरू हो रहे ‘नेट जीरो सरोजनीनगर’ अभियान के तहत यह भव्य आयोजन किया जाएगा।
रोड शो के जरिए युवाओं से संवाद
संजय दत्त 22 फरवरी को सुबह 11 बजे एक विशाल रोड शो की शुरुआत करेंगे। इस दौरान वह न केवल नागरिकों से रूबरू होंगे, बल्कि युवाओं के साथ सीधा संवाद भी करेंगे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और लोकतंत्र में अपनी भागीदारी को लेकर जन-जागरूकता फैलाना है।
‘पर्यावरण वीरों’ का होगा सम्मान
संजय दत्त इस खास मौके पर उन लोगों को ‘पर्यावरण वीर’ पुरस्कार से सम्मानित करेंगे, जिन्होंने प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सराहनीय कार्य किए हैं। डॉ. राजेश्वर सिंह ने बताया कि विकास के साथ-साथ पर्यावरण को बचाना हमारी प्राथमिकता है और ‘नेट जीरो’ अभियान इसी दूरदर्शी सोच का हिस्सा है।
