नैनीताल हादसा: हनुमानगढ़ी के पास गहरी खाई में गिरी स्विफ्ट कार, SDRF ने 5 पर्यटकों को सुरक्षित निकाला
नैनीताल | 06 जनवरी, 2026
नैनीताल के हनुमानगढ़ी क्षेत्र में मंगलवार को एक स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गिर गई। हादसे की सूचना मिलते ही SDRF (राज्य आपदा प्रतिवादन बल) की टीम ने त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन चलाते हुए कार में फंसे पांचों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
पेड़ से टकराकर खाई में अटकी कार
आपदा कंट्रोल रूम नैनीताल से मिली सूचना के अनुसार, उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले से 5 पर्यटक स्विफ्ट कार में सवार होकर नैनीताल घूमने आ रहे थे। हनुमानगढ़ी के समीप अचानक कार अनियंत्रित होकर एक पेड़ से जा टकराई और सड़क से नीचे खाई में गिर गई।
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट नैनीताल से उप निरीक्षक भावना बिष्ट के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से रेस्क्यू शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला।
घायलों को अस्पताल में कराया भर्ती
एसडीआरएफ ने सभी घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पताल भेज दिया है। गनीमत रही कि कार पेड़ से टकरा गई, जिससे वह बहुत नीचे जाने से बच गई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
घायलों का विवरण (सभी निवासी रामपुर, उत्तर प्रदेश):
तेजेंद्र सिंह (26 वर्ष), पुत्र बलविंदर सिंह, निवासी- केशरपुर।
करनदीप (21 वर्ष), पुत्र गुरजीत सिंह, निवासी- केशरपुर।
विक्रमजीत (21 वर्ष), पुत्र बलवंत सिंह, निवासी- किशनपुर अटरिया।
अकबाल सिंह (27 वर्ष), पुत्र सुखविंदर सिंह, निवासी- केशरपुर।
हिमांशु (20 वर्ष), पुत्र राजू, निवासी- रामपुर।
