देहरादून: एमडीडीए का धौलास में बड़ा एक्शन, 10 बीघा में हो रही अवैध प्लॉटिंग पर चला बुलडोजर
देहरादून | 05 जनवरी, 2026
मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने राजधानी में अवैध निर्माण और अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ अपना अभियान और तेज कर दिया है। उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के निर्देशों पर एमडीडीए की टीम ने देहरादून के सलियावाला, धौलास क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए लगभग 8 से 10 बीघा भूमि पर की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया।
बिना नक्शे और लेआउट के काटी जा रही थी कॉलोनियां
प्राधिकरण के अनुसार, नीरज शर्मा और अन्य व्यक्तियों द्वारा धौलास क्षेत्र में बिना स्वीकृत लेआउट और मानकों के विपरीत प्लॉटिंग की जा रही थी। संयुक्त सचिव गौरव चटवाल के आदेश पर टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को ढहा दिया।
इस ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान सहायक अभियंता सुर्जीत सिंह रावत, अवर अभियंता हर्षित मौठानी, सुपरवाइजर और पुलिस बल मौजूद रहा। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि अनियोजित विकास और नियमों के उल्लंघन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
आम नागरिकों के लिए चेतावनी: गाढ़ी कमाई को जोखिम में न डालें
एमडीडीए अधिकारियों ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी अवैध कॉलोनी में निवेश करने से बचें। जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है, क्योंकि बिना स्वीकृति वाली कॉलोनियों में प्लॉट खरीदना कानूनी पचड़ों में फंसने जैसा है। प्राधिकरण ने कहा है कि निर्माण से पूर्व मानचित्र स्वीकृति लेना अनिवार्य है।
अवैध निर्माण पर जीरो टॉलरेंस: बंशीधर तिवारी
उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि यह कार्रवाई पूरी तरह नियमों के तहत और जनहित में की जा रही है। उनका उद्देश्य क्षेत्र का सुनियोजित विकास और पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित करना है। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ भविष्य में और भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।
पारदर्शी प्रक्रिया और निरंतर निरीक्षण
सचिव एमडीडीए मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि प्राधिकरण की प्रवर्तन टीमें लगातार क्षेत्र का निरीक्षण कर रही हैं। अवैध प्लॉटिंग के मामलों में सीलिंग, नोटिस और ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ कानूनी प्रावधानों के तहत की जा रही है।
