उत्तराखंडदेहरादून

नववर्ष 2026: बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने श्रद्धालुओं को बदरी-केदार शीतकालीन यात्रा का दिया आमंत्रण

देहरादून, 1 जनवरी।
श्री बदरीनाथ–केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने देश-विदेश के श्रद्धालुओं को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए शीतकालीन यात्रा में शामिल होने का आमंत्रण दिया है। उन्होंने भगवान बदरीविशाल और भगवान केदारनाथ से सभी के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।

बीकेटीसी अध्यक्ष ने बताया कि अब तक 17 हजार से अधिक श्रद्धालु बदरीनाथ और केदारनाथ धाम के शीतकालीन पूजा स्थलों में दर्शन कर चुके हैं। 31 दिसंबर तक ज्योतिर्मठ स्थित  नृसिंह मंदिर में 4452, योगबदरी पांडुकेश्वर में 467 और उखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में 12 हजार 430 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं।

हेमंत द्विवेदी ने कहा कि यात्रा वर्ष 2026 को ध्यान में रखते हुए बीकेटीसी द्वारा कार्ययोजनाएं तैयार की जाएंगी, जिनका उद्देश्य तीर्थयात्रियों की सुविधाओं को सुदृढ़ करना और शीतकालीन यात्रा को अधिक प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि बदरी-केदार धाम की परंपराएं, आस्था और सेवा-भावना समिति की पहचान हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र को प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में धरातल पर उतारा जा रहा है, जिससे जन-जन तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है।

बीकेटीसी अध्यक्ष ने शीतकालीन यात्रा को धार्मिक पर्यटन के विस्तार का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए श्रद्धालुओं से अधिक संख्या में उत्तराखंड आने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *