उत्तराखंडदेहरादून

अटल बिहारी वाजपेयी जयंती पर मंत्री गणेश जोशी ने दी श्रद्धांजलि, विंटर कार्निवाल का दूसरा दिन अटल को समर्पित

अटल बिहारी वाजपेयी जयंती पर मंत्री गणेश जोशी ने दी श्रद्धांजलि, विंटर कार्निवाल का दूसरा दिन अटल को समर्पित

मसूरी

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मसूरी स्थित अटल उद्यान में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद वे गांधी चौक में आयोजित मसूरी विंटर कार्निवाल के दूसरे दिन के कार्यक्रम में शामिल हुए, जो भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को समर्पित रहा।

इस अवसर पर मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के ऐसे महान व्यक्तित्व थे, जिन्होंने राष्ट्र को नेतृत्व, विचार और संवेदनशीलता की नई दिशा दी। वे एक कुशल राजनेता के साथ-साथ प्रख्यात कवि, पत्रकार और ओजस्वी वक्ता भी थे। उन्होंने भारतीय जनसंघ के संस्थापकों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और देश की राजनीति में अमिट छाप छोड़ी।

मंत्री जोशी ने कहा कि वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध के दौरान अटल बिहारी वाजपेयी ने शहीद जवानों के सम्मान को सर्वोपरि रखा। उनके निर्णय से शहीद सैनिकों के पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव तक पहुंचाए गए और राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। साथ ही शहीदों के परिजनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए गैस एजेंसी और पेट्रोल पंप आवंटन जैसी योजनाएं लागू की गईं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अटल बिहारी वाजपेयी की दूरदर्शी सोच का परिणाम थी, जिसने दूरस्थ गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा। उत्तराखंड राज्य के गठन में भी अटल बिहारी वाजपेयी की निर्णायक भूमिका रही। लंबे जनआंदोलन के बाद उत्तराखंड का सपना उनके नेतृत्व में साकार हुआ। वन रैंक वन पेंशन की अवधारणा भी अटल की सोच का ही परिणाम थी।

मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज भी अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों और आदर्शों पर चलकर राष्ट्र निर्माण का कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति की ओर बढ़ रहा है।

इससे पहले मंत्री गणेश जोशी ने नगर पालिका कार्यालय में मसूरी की यातायात व्यवस्था को लेकर जिला और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि विंटर कार्निवाल और नववर्ष के दौरान पर्यटकों व स्थानीय नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। मॉल रोड और अन्य प्रमुख सड़कों पर अवैध व अनावश्यक पार्किंग के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, मोहन पेटवाल, एसडीएम राहुल कुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *