गोवानई दिल्ली

गोवा अग्निकांड पर बड़ी कार्रवाई, लूथरा ब्रदर्स 24–48 घंटे में भारत लाए जाएंगे

  गोवा नाइट क्लब अग्निकांड: 25 मौतों के आरोपी लूथरा ब्रदर्स का थाईलैंड से निर्वासन लगभग पूरा, 24–48 घंटे में भारत लाए जा सकते हैं

नई दिल्ली/गोवा। गोवा के अरपोरा स्थित नाइट क्लब में 6 दिसंबर को लगी भीषण आग में 25 लोगों की मौत के मामले में फरार चल रहे लूथरा ब्रदर्स को लेकर बड़ी कार्रवाई सामने आई है। नाइट क्लब बर्च बाय रोमियो लेन के मालिक सौरभ और गौरव लूथरा का थाईलैंड से निर्वासन लगभग पूरा हो चुका है और उन्हें अगले 24 से 48 घंटों के भीतर भारत लाया जा सकता है।

हादसे के कुछ ही घंटों बाद दोनों आरोपी गोवा से फरार होकर थाईलैंड पहुंच गए थे। इसके बाद बैंकॉक स्थित भारतीय दूतावास ने थाई अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए उनकी गिरफ्तारी और निर्वासन की प्रक्रिया शुरू की।

निर्वासन में कानूनी बाधाएं हुईं दूर

सूत्रों के मुताबिक, थाईलैंड में निर्वासन से जुड़ी सभी कानूनी और प्रक्रियात्मक बाधाएं अब दूर कर ली गई हैं। दोनों आरोपियों के वीजा रद्द कर दिए गए थे और उन्हें हिरासत में लेने के बाद तेजी से कार्रवाई की गई। थाई अधिकारी भारतीय एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क में हैं ताकि हस्तांतरण की प्रक्रिया बिना किसी देरी के पूरी की जा सके।

भारत की एक बहु-एजेंसी टीम पूरे निर्वासन प्रक्रिया पर नजर रखे हुए है, जिसमें जांच एजेंसियों और आव्रजन विभाग के अधिकारी शामिल हैं। सूत्रों ने बताया कि किसी भी तरह की कानूनी जटिलता या देरी से बचने के लिए हर चरण पर सतर्कता बरती जा रही है।

हादसे के दौरान ही बुक की थी विदेश की उड़ान

गोवा पुलिस की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जांच के अनुसार, जब आग बुझाने और फंसे लोगों को बचाने की कोशिशें जारी थीं, उसी दौरान लूथरा ब्रदर्स ने थाईलैंड जाने की फ्लाइट बुक कर ली थी। अधिकारियों के मुताबिक, 7 दिसंबर की तड़के 1:17 बजे ट्रैवल पोर्टल के जरिए टिकट बुक की गई, जबकि पुलिस और फायर ब्रिगेड आग पर काबू पाने में जुटी हुई थीं।

इसके बाद आरोपियों की तलाश के लिए इंटरपोल ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया गया, जिससे उनकी लोकेशन ट्रैक करने में मदद मिली और थाईलैंड में कार्रवाई संभव हो सकी।

गौरतलब है कि गोवा नाइट क्लब अग्निकांड ने पूरे देश को झकझोर दिया था और अब आरोपियों की भारत वापसी से पीड़ित परिवारों को न्याय की उम्मीद बंधी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *